नई दिल्ली: देश में कोरोनावायरस की दूसरी लहर के कहर के बीच अब दिल्ली में भी नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है| दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने आज रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया। ये कर्फ्यू 30 अप्रैल तक लागू रहेगा।
नाइट कर्फ्यू के दौरान ट्रैफिक मूवमेंट पर किसी तरह की कोई रोक नहीं होगी| जो लोग वैक्सीन लगवाने जाना चाहते हैं उनको छूट होगी लेकिन ई-पास लेना होगा| राशन, किराना, फल सब्जी, दूध, दवा से जुड़े दुकानदारों को ई-पास के जरिए ही मूवमेंट की छूट होगी| प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को भी ई-पास के जरिए ही मूवमेंट की इजाजत होगी| आईडी कार्ड दिखाने पर प्राइवेट डॉक्टर नर्स पैरामेडिकल स्टाफ को भी छूट मिलेगी|
वैध टिकट दिखाने पर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे आने-जाने वाले यात्रियों को छूट दी जाएगी| गर्भवती महिलाओं और इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को छूट मिलेगी| पब्लिक ट्रांसपोर्ट जैसे बस, दिल्ली मेट्रो, ऑटो, टैक्सी आदि को तय समय के दौरान उन्हीं लोगों को लाने ले जाने की इजाजत होगी जिनको नाइट कर्फ्यू के दौरान छूट दी गई है|
जरूरी सेवाओं में लगे सभी विभागों के लोगों को छूट दी जाएगी| दिल्ली सरकार के आदेश में कहा गया है की यह लोगों के मूवमेंट को लेकर है ना कि जरूरी सामान और जरूरी सेवाओं को लेकर| इसेंशियल सर्विसेज़ को इस आदेश से मुक्त रखा गया है|
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है। मंगलवार को कोरोना के दैनिक मामलों में हल्की राहत देखने को मिली। मंगलवार को एक दिन पहले के मुकाबले एक लाख से कम मामले सामने आए और मौत का आंकड़ा भी गिरा। मंगलवार को देश में कोरोना के 96,982 मामले सामने आए जबकि 446 लोगों ने अपनी जान गंवाई।
कोरोना के दैनिक मामलों ने सोमवार को सबके होश उड़ा दिए, जब एक दिन में एक लाख से ज्यादा मामले सामने आए, हालांकि सोमवार की तुलना में मंगलवार को कोरोना के दैनिक मामलों में हल्की राहत है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 96,982 नए मामले सामने आए, जबकि 446 लोगों ने इस वायरस के आगे दम तोड़ दिया। इसके अलावा एक दिन में 50 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ होकर घर वापस गए। मौजूदा समय में देश में सक्रिय मामलों का आंकड़ा आठ लाख के करीब पहुंच गया है।
DMRC ने कहा कि,''आज रात से दिल्ली में रात्रि कर्फ्यू लगने के मद्देनजर मेट्रो में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक प्रवेश की केवल उन्हीं यात्रियों को आईडी कार्ड दिखाने के बाद अनुमति होगी जो सरकार के आदेशानुसार एसेंशियल सर्विसेज में आते हैं|
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता चिन्मय बिस्वाल ने कहा कि,''DDMA ने कोरोना की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू का आदेश दिया है। दिल्ली पुलिस इसे सख्ती से लागू करेगी। सभी संबंधितों को आदेश में दिए गए प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन करना होगा| दिल्ली पुलिस ने आवश्यक सेवाओं और वस्तुओं के लिए लगे व्यक्तियों के लिए पहले भी पास जारी किए थे। मांग पर नए सिरे से मूवमेंट पास फिर से जारी किए जाएंगे। इसके लिए आवेदन करने के लिए दिल्ली पुलिस की वेबसाइट पर भी जा सकते हैं|