नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में आज भारी बारिश के साथ तेज़ हवाएं चलीं जिसके चलते कई जगहों पर पेड़ उखड़कर कर ज़मीन पर गिरे। दिल्ली में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और भारी बारिश के कारण अब तक दो लोगों की मौत और कई लोगों की घायल होने की खबर है| तेज आंधी और बारिश से दिल्ली में 300 से अधिक पेड़ गिरे हैं|
दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके के 50 वर्षीय व्यक्ति की दिल्ली में ओलावृष्टि और बारिश के बाद छज्जा गिरने से मृत्यु हो गई है| उत्तरी दिल्ली इलाके में ओलावृष्टि के बाद एक 65 वर्षीय व्यक्ति की मृत्यु हो गई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक रात 8 बजे तक 294 पेड़ गिरे हैं|
तेज आंधी और बारिश से राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा| कई स्थानों पर तेज हवा के कारण पेड़ गिर गए जिससे नुकसान भी हुआ| इसके अलावा कई स्थानों पर बारिश का पानी भरने से नागरिकों को समस्या का सामना करना पड़ा| कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली गुल हो गई|
दिल्ली के कबूतर बाजार इलाके में ओलावृष्टि के बाद एक कार पेड़ के नीचे फंस गई थी। कार के अंदर एक ही परिवार का एक बच्चा सहित तीन लोग थे सभी को बचाया गया है:दिल्ली पुलिस
जामा मस्जिद के बीच में स्थित गुंबद का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त
दिल्ली में हुई तेज़ बारिश और आंधी में जामा मस्जिद के बीच में स्थित गुंबद का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। जामा मस्जि शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा,'' तेज़ बारिश और आंधी में जामा मस्जिद के बीच में स्थित गुंबद का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया,उसके 2-3 टुकड़े हुए हैं जो ज़मीन पर गिरे हैं।
बुखारी ने कहा,'' अगर इसे तुरंत नहीं हटाया गया तो ये अपने सामने स्थित दीवार और बीच के पूरे गुंबद को क्षति पहुंचाएगा| इसके अलावा भी आज की बारिश में मस्जिद के पत्थर तहस-नहस हुए हैं। इस दौरान 2-3 लोग भी घायल हुए हैं|