नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने 13 जून को निकलने वाली कांग्रेस की एक रैली को अनुमति देने से इनकार कर दिया, जिसे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा AICC मुख्यालय 24, अकबर रोड से एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर ED कार्यालय तक जाना था| ज़िले में सांप्रदायिक और क़ानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए यह फ़ैसला लिया गया है| DCP दिल्ली पुलिस ने इसके बारे में जानकारी दी है|
कांग्रेस नेता राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लिए सोमवार ,13 जून को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश होंगे| कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि राहुल पीछे नहीं हटेंगे। कांग्रेस ने फैसला किया था कि पार्टी के सभी शीर्ष नेता और सांसद दिल्ली में ईडी के मुख्यालय तक विरोध मार्च निकालेंगे और ''सत्याग्रह'' करेंगे। वहीं, राज्यों में भी कांग्रेस नेता सोमवार को जांच एजेंसी के कार्यालयों तक मार्च निकालेंगे और सत्याग्रह करेंगे।
राहुल गांधी के साथ सभी सांसद, कार्य समिति के स्दस्य और प्रमुख नेता जाएंगे
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि,''कल राहुल गांधी जी ED द्वारा भेजे गए समन के जवाब में खुद को पेश करेंगे। पिछले 7-8 सालों में ऐसी कोई संस्था नहीं है जिसका दुरुपयोग ना किया गया हो। आज देश का हर व्यक्ति यह जान गया है कि CBI और ED वही करेंगे जो केंद्र की भाजपा सरकार को लाभ देता है| क्या ऐसा संभव है कि पूरे देश में किसी भी भाजपा नेता ने ऐसा कोई काम ना किया हो जिस पर छापा डाला जाए, जांच की जाए या समन किया जाए? कल दिल्ली में राहुल गांधी के साथ सभी सांसद, कार्य समिति के स्दस्य और प्रमुख नेता जाएंगे|