यूपी के मथुरा में एक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है| दिल्ली की लड़की को अगवा कर मथुरा के होटल में उससे देह व्यापार करवाने वाले एक गैंग का पर्दाफाश कर मध्य जिला पुलिस ने दो महिला सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गैंग लड़की को नशे की गोलियां एवं इंजेक्शन देते थे, ताकि शारीरिक शोषण के दौरान वह विरोध न कर सके| ये गैंग अब तक करीब छह लड़कियों को देह व्यापार में धंधे में धकेल चुके हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मथुरा, यूपी निवासी जुबिद उर्फ शकील (34), पलवल हरियाणा निवासी रवि (27), शाहजहांपुर, यूपी निवासी राम खिलावन गुप्ता (29) कल्याणपुरी दिल्ली निवासी सन्नी (33), पूजा (27) और मथुरा निवासी बिमलेश उर्फ बिमला (30) के रूप में हुई है। पकड़े गए सनी और पूजा भाई-बहन है। राम खिलावन इनका जीजा है जबकि बिमला जुबिद की पत्नी है।
दिल्ली सेंट्रल की DCP श्वेता चौहान ने बताया,''23 अप्रैल को हमें 14 साल की नाबालिग लड़की के लापता होने की सूचना मिली। लड़की के माता-पिता ने बताया कि लड़की को कोई बहला-फुसलाकर ले गया है। मामला दर्ज़ करके जांच की गई। हमारी टीम मथुरा पहुंची, जहां एक होटल में लड़की को पाया गया| पीड़िता को नशे के टीके लगाकर रखा गया था। बच्ची का यौन उत्पीड़न किया गया था। हमने बच्ची को रेस्क्यू किया। मामले में 6 लोगों को गिरफ़्तार किया है, जिसमें 2 महिलाएं शामिल हैं|
डीसीपी श्वेता चौहान के मुताबिक, बीते 23 अप्रैल को आईपी स्टेट थाना में एक 14 वर्षीय लड़की की गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। पुलिस को बताया गया कि वह दो दिन से लापता है उसने एक मोबाइल से कॉल कर अपने अगवा होने की जानकारी भाई को दी है। इस जानकारी पर टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने लड़की की तलाश शुरू की पुलिस को पता चला कि लड़की को मथुरा के एक होटल में रखा गया है।
इस जानकारी पर एसीपी पंकज सिंह की देखरेख में एसएचओ संजीव कुमार, एसआई प्रियंका, एसआई नवीन और कैलाश की टीम लड़की को बरामद करने मथुरा पहुंची। वहां पर पुलिस टीम ने कोशी कलां स्थित ओयो होटल से किशोरी को बरामद कर लिया। होटल से जुबिद उर्फ शाकाल और रवि को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया जो लीज पर यह होटल चला रहे थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि राम खेलावन गुप्ता इस लड़की को वहां पर ले कर आया था | इस जानकारी पर पुलिस टीम ने राम खेलावन को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ में पता चला कि कल्याणपुरी का रहने वाला सनी और उसकी बहन पूजा इस गैंग के सदस्य हैं। रामखेलावन उनका जीजा है उन्होंने 4 दिन के लिए लड़की को 10 हजार रुपये में बेचा था, रामखेलावन के मथुरा स्थित होटलों में अच्छे संबंध हैं।
राम खिलावन बीते 21 अप्रैल को लड़की को लेकर मथुरा आया और उसने जुबिद को उसे बेच दिया था | यहां पर उसे एक कमरे में रखा गया था, जहां 22 अप्रैल को कई ग्राहको ने आकर उसका शारीरिक शोषण किया। जुबिद की पत्नी विमलेश उर्फ विमला उसे नशे की गोलियां और इंजेक्शन दे रही थी ताकि वह दुष्कर्म का विरोध न कर सके। इस मामले में पुलिस टीम ने होटल जाकर एफएसएल जांच भी करवाई है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। लड़की का मेडिकल कराने के बाद इस घटना को लेकर अपहरण, दुष्कर्म, गैंगरेप, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।