देवरिया: देवरिया जिले के गौरीबाज़ार थाना क्षेत्र में एक बस और जीप के बीच आमने- सामने की टक्कर में 6 लोगों को मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। सोमवार देर रात सड़क गौरी बाजार में रोडवेज की अनुबंधित बस और बोलेरो की टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और बस भी सड़क पर पलट गई। हादसे में बोलेरो सवार 5 और एक बस सवार की मौत हुई है। 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें दो की हालत नाजुक बताई गई है। बस गोरखपुर से यात्रियों को लेकर देवरिया आ रही थी। बोलेरो सवार तिलक समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।
यह हादसा गौरी बाजार थाना क्षेत्र में इन्दूपुर कालिका मंदिर के सामने हुआ है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस राहत-बचाव के काम में जुटी है। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर दुख जताया है।
पुलिस ने बताया कि गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग पर गौरी बाजार थानाक्षेत्र में इंदूपुर गांव के पास सोमवार रात लगभग साढ़े 10 बजे एक बस एवं जीप के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई| घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें एक की स्थिति गंभीर बताई गई है|
देवरिया में तिलक चढ़ाकर कुशीनगर लौट रहे थे बोलेरो सवार
कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव के रवींद्र तिवारी की बेटी की तिलक रुद्रपुर के रैश्री गांव में इंद्रदेव दूबे के घर आई थी। तिलक चढ़ाने के बाद सभी वापस अपने घर लौट रहे थे। रात 10 बजे के आसपास गौरी बाजार-रुद्रपुर मार्ग पर काली मंदिर के पास तेज रफ्तार आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस से टक्कर हो गई। इसके बाद बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बस भी सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गैस कटर मंगाकर बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला है। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।
हादसे में मृतकों की शिनाख्त बोलेरो सवार कोहड़ा मठिया निवासी राम प्रकाश सिंह (65), वशिष्ट सिंह (45), जोगन सिंह (60), अंकुर पांडे (42), रामानंद मौर्य के रुप में हुई है। एसपी डॉक्टर श्रीपति मिश्र ने 6 मौतों की पुष्टि की है। डीएम और एसपी ने मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई है। सीएम ने घायलों के समुचित उपचार के लिए अफसरों को निर्देशित किया है।