देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र में PUBG खेलने के लिए 6 वर्षीय बच्चे की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई| लार थाना क्षेत्र के हरखौली गांव निवासी मेडिकल स्टोर चलाने वाले गोरख यादव के 6 वर्षीय बेटे संस्कार यादव का गांव के ही युवक अरुण विश्वकर्मा ने अपहरण कर उसके मुंह को फेवीक्विक से चिपकाकर बाथरूम में बंद कर दिया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लार थाना क्षेत्र के हरखौली गांव निवासी डॉ. गोरख यादव मेडिकल स्टोर चलाने के साथ ही ‘प्राइवेट प्रैक्टिस’ करते हैं। उनकी तीन बेटी और एक बेटा संस्कार यादव था। बेटा संस्कार यादव UKG में पढ़ता था। संस्कार घर के पास ही नरसिंह विश्वकर्मा के घर ट्यूशन पढ़ने जाता था। संस्कार यादव बुधवार (06 जुलाई, 2022) को करीब 3 बजे नरसिंह के घर पढ़ने गया था। शाम 5 बजे तक संस्कार घर वापस नहीं आया, तो घर वाले नरसिंह के घर पहुंचे। संस्कार वहां भी नहीं मिला। इसके बाद परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
बच्चे को तलाश करने के क्रम में गांव के दक्षिण ओरे खेत में एक एक चिट्ठी मिली। चिट्ठी में 5 लाख रुपए फिरौती मांगी गई थी। जिसपर लिखा था कि ‘‘गोरख यादव पांच लाख रुपये की व्यवस्था करो, नहीं तो तुम्हारे लड़के को नहीं छोड़ा जाएगा।’’इसके बाद परिजन लार थाना पहुंचे। उन्होंने गुमशुदगी दर्ज कराई। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची तो ट्यूशन शिक्षक नरसिंह विश???वकर्मा और उसके पौत्र अरुण विश्वकर्मा से पूछताछ शुरू की।
शक होने पर पुलिस अरुण विश्वकर्मा (20 वर्ष) को थाने ले गई। वहां कड़ाई से पूछताछ में कल यानी बृहस्पतिवार (07 जुलाई, 2022 को) को अरुण ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। अरुण के मुताबिक,'' बच्चा शोर न मचाने पाए, इसके लिए फेवीक्विक से उसका मुंह चिपका दिया। घर के बाहर ही बच्चे को बाथरूम में बंद कर दिया था। इसके बाद कॉपी से एक पन्ना फाड़कर 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।
देवरिया के SP संकल्प शर्मा ने बताया,' देवरिया जनपद में लार थाना क्षेत्र की घटना है, जहां पुलिस को एक 6 साल के बच्चे की अपहरण की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि बच्चा जहां पर ट्यूशन पढ़ने गया था उसी ट्यूशन टीचर के नाती ने घटना करना स्वीकार किया| पुलिस ने ट्यूशन टीचर के घर से ही बच्चे का शव बरामद किया है। संबंधित धाराओं में FIR दर्ज़ की गई है और कार्रवाई की जा रही है|