गुवाहाटी: असम के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूमिधर बर्मन का रविवार शाम को गुवाहाटी के एक निजी अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया| वह 91 वर्ष के थे|
असम सरकार ने बर्मन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है| सरकार ने कहा कि उनके पार्थिव शरीर का पूरे राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया जाएगा|
भूमिधर बर्मन के निधन पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट और असम के कांग्रेस नेताओं ने दुख जताया है| कांग्रेस नेता सचिन पायलट ट्वीट किया,''असम के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री भूमिधर बर्मन जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। इस बेहद कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं बर्मन जी के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
बर्मन पहली बार हितेश्वर सैकिया के निधन के बाद मुख्यमंत्री बने और इस पद पर 22 अप्रैल से 14 मई 1996 तक रहे. उन्हें वर्ष 2010 में दोबारा उस समय मुख्यमंत्री बनाया गया जब तत्कालीन मुख्यमंत्री तरुण गोगोई हृदय के ऑपरेशन के लिए मुंबई गए थे.
बर्मन हितेश्वर सैकिया और तरुण गोगोई सरकार में मंत्री रहे और शिक्षा, स्वास्थ्य , राजस्व सहित विभिन्न विभागों का कार्यभार संभाला| बर्मन पहली बार 1967 में असम विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए| उन्होंने नलबाड़ी जिले के बोरखेत्री सीट का चार बार प्रतिनिधित्व किया। वह दो बार नलबाड़ी पश्चिम और एक बार धर्मापुर से विधायक चुने गए|