कनाडा में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के इंटरनेशनल प्रोजेक्ट ‘KAP’S CAFE’ पर अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग से हड़कंप मच गया है।
घटना की पुष्टि स्थानीय पुलिस द्वारा की गई है, वहीं हमलावरों द्वारा इस फायरिंग की वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने की बात सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, लेकिन अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तीन दिन पहले ही हुआ था कैफे का उद्घाटन
‘KAP’S CAFE’ कपिल शर्मा का पहला अंतरराष्ट्रीय कैफे प्रोजेक्ट है, जिसका उद्घाटन तीन दिन पहले बड़े धूमधाम से कनाडा में किया गया था। कैफे की लोकेशन और डिजाइन को लेकर पहले ही यह प्रोजेक्ट चर्चा में था।
हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी ने ली
इस हमले के पीछे खालिस्तानी आतंकी संगठन का हाथ बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक संदेश में खालिस्तानी आतंकी ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, कनाडा पुलिस और भारतीय दूतावास की ओर से अब तक इस बयान की पुष्टि नहीं की गई है।
क्या हुआ घटनास्थल पर?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर एक गाड़ी में आए और कैफे पर कई राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
खुशकिस्मती से इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन क्षेत्र में डर और तनाव का माहौल बन गया है।
कनाडा पुलिस और जांच एजेंसियां सक्रिय
कनाडा पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर CCTV फुटेज खंगालने और चश्मदीदों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, भारतीय उच्चायोग को भी इस घटना की जानकारी दी गई है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Powered by Froala Editor