चेन्नई: गुजरात के कांग्रेस विधायक डॉ. अनिल जोशीयारा का लंबी बीमारी के बाद चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया। पिछले दो महीने से कोरोना संक्रमित हुए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस विधायक डॉ अनिल जोशीयारा का 69 साल की उम्र में निधन हो गया है।
भिलोडा के कांग्रेस विधायक डॉ अनिल जोशियारा को एक महीने पहले कोरोना के इलाज के लिए चेन्नई ले जाया गया था। चेन्नई ले जाने के पहले वह अहमदाबाद की सिम्स अस्पताल में भरती थे। हालांकि उनके फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया था। जिसके चलते उन्हें एयर एम्ब्युलेंस द्वारा चेन्नई ले जाया गया था। आज दोपहर करीब 1 बजे चेन्नई के निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने डॉ. अनिल जोशीरा के निधन पर शोक व्यक्त किया है| राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा है- डॉ अनिल जोशियारा जी के असमय निधन का समाचार दुखद है। कांग्रेस परिवार के एक मज़बूत सदस्य होने के साथ ही वे गुजरात में आदिवासी समुदाय के लोकप्रिय नेता भी थे। इस मुश्किल समय में उनके परिवारजनों को मेरी शोक संवेदनाएँ।
24 अप्रैल, 1953 को जन्मे, डॉ. अनिल जोशीयारा भीलोडा तालुका के चुनाखणा के मूल निवासी थे। उन्होंने 1979 में एमबीबीएस की डिग्री और 1983 में गुजरात विश्वविद्यालय से एमएस (जनरल सर्जन) की डिग्री प्राप्त की। डॉ अनिल जोशीयारा ने भिलोडा सिविल अस्पताल में अधीक्षक और सर्जन के रूप में छह साल तक सेवा की। वह 1989 से 1992 तक हिम्मतनगर सिविल अस्पताल और भरूच सिविल अस्पताल में तीन साल तक मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य रहे हैं।
डॉ अनिल जोशियारा ने 1995 में अपना राजनैतिक सफर शुरू किया था| 1995 में जीतने के बाद वह 1995 से 1997 तक आरोग्य मंत्री रहे थे। जिसके बाद 1998 की विधानसभा चुनाव में उनका स्व. उपेंद्र त्रिवेदी के सामने पराजय हुआ था। 1998 से 2002 तक उन्होंने गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मंत्री का पदभार भी सँभाला था। जिसके बाद उन्होंने लगतार चार टर्म तक भिलोड़ा विधानसभा से जीत हासिल कर कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर रहे है।