गाज़ियाबाद: गाज़ियाबाद की एक सोसाइटी में प्रदूषित पानी पीने से कई लोग बीमार हुए। यहां दूषित पानी पीने से 59 लोग बीमार पड़ गए| यह घटना एनएच 24 स्थित गोल्फ लिंक सोसाइटी की है| प्रदूषित पानी पीने से गोल्फ लिंक सोसाइटी में रह रहे 38 बच्चों समेत 59 लोग बीमार पड़ गए। सभी को उल्टी, दस्त और पेट की समस्या हुई, जिसके बाद सोसायटी के लोगों ने इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की दी।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सोसायटी में पहुंची और इलाज शुरू किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मौके पर एंबुलेंस भेजकर कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन, ज्यादातर बच्चों की गंभीर हालत नहीं होने के कारण घर पर ही उपचार किया गया। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
डिप्टी CMO डॉ. जीपी माथुर ने बताया, "गोल्फ लिंक सोसायटी से शिकायत मिलने के बाद हमने एक चिकित्सा दल को सोसायटी में भेजा। " 38 बच्चे, 13 महिलाएं, 5 वरिष्ठ नागरिक और 3 वयस्कों को उल्टी, दस्त और पेट की समस्या थी। उनका इलाज किया गया। इनमें से कोई भी मरीज़ गंभीर नहीं था। सोसायटी से हमने 8 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है|
डिप्टी CMO डॉ. जीपी माथुर ने बताया,'आने वाले 2 दिनों में अगर ऐसी घटना होती है तो वहां दो दिनों के लिए दो कैंप लगाने और पानी का सैंपल लेने का आदेश दिया है|
बता दें कि इस सोसायटी में 2,600 के आसपास फ्लैट हैं जिनमें 1,200 फ्लैटस में परिवार रह रहे हैं। गोल्फ लिंक सोसायटी में सबसे ज्यादा मरीज टावर वन-बी और टू-बी में मिले। रेजिडेंट्स ने बताया कि बीते एक सप्ताह से बच्चों ने पेट में दर्द की शिकायत की। दो दिनों से स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल और व्यक्तिगत डॉक्टर को दिखाया। एक साथ ढाई दर्जन से अधिक बच्चों के बीमार पड़ने पर एमएमजी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना और जिला संक्रामक रोग नियंत्रण सेल की तीन टीमों ने जांच शुरू की।
संक्रामक रोग सेल ने पानी के नमूने लेने के बाद लोगों को पानी उबालकर और छानकर पीने की हिदायत दी है। तो वहीं, बच्चों के बीमार होने से नाराज महिलाओं ने सोसायटी के मेंटेनेंस अधिकारी का बेसमेंट पार्किंग में घेराव किया।