गाजीपुर: गाजीपुर के जखनिया विधानसभा के शादियाबाद क्षेत्र में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सोनभद्र में 13 आदिवासियों का नरसंहार किया गया था। मैं पीड़ित परिवारों से मिली। मुझे पता चला जिस तरह नरसंहार हुआ, उसमें पुलिस प्रशासन ने भूमाफिया की मदद की थी। पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि,'' युवा बेरोजगारी से, किसान जानवरों से, बहनें महंगाई से परेशान हैं। प्रधानमंत्री मंच से कहते हैं कि आपने हमारा नमक खाया है। हमने टोका तो पलट गए लेकिन मानसिकता दिख गई। वे एक बोरा राशन पकड़ाकर आप पर एहसान लाद रहे हैं। ये जानते हैं कि धर्म और जाति के नाम पर सत्ता मिल जाएगी, इसलिए ये आपको कभी नौकरियां नहीं देंगे। जब तक आप इन पर निर्भर रहेंगे, तब तक ये आपके जज्बात का इस्तेमाल करेंगे क्योंकि आपको बहकाना आसान होगा।
श्रीमती गांधी ने कहा कि,''जहां-जहां अन्याय दिखा हमारी पार्टी ने आवाज उठाई। हमने आंदोलन चलाए। मैं इस तरह आपकी हमसफर बन गई और आप का संघर्ष मेरा संघर्ष बन गया। मैं समझ गई यहां की राजनीति भटक गई है। सबसे बड़ा प्रदेश आज खाई में है। बसपा सिर्फ एक जाति की बात कर रही है। सपा एक जाति और धर्म की बात कर रही है। भाजपा जाति-धर्म और राष्ट्रवाद की बात कर रही है। यहां समस्याएं बढ़ती चली जा रही हैं। बेरोजगारी चरम पर हैं। विपक्ष के नेता समझ चुके हैं कि आप को गरीब निर्भर बनाकर अपनी नीतियां सफल बना सकते हैं।
BJP की नीति यही है कि ये आपको गरीब रखेंगे
मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि,''''इनकी नीति क्या है? इनकी नीति यही है कि ये आपको गरीब रखेंगे। नोटबंदी और जीएसटी लाए। आपको लाइन में लगा दिया। आपका व्यापार नष्ट हो गया, लेकिन कोई काला धन नहीं आया। लॉकडाउन में बड़े उद्योगपति फलते फूलते रहे, लेकिन आपका सब नष्ट हो गया। किसान मेहनत करता है लेकिन उसके लिए कुछ नहीं किया। छत्तीसगढ़ में गेहूं-धान का 2500 मिलता है लेकिन यहां आपको 1200 मिलता है। किसान के लिए ये जितनी नीतियां लाए, किसानों का सिर्फ नुकसान हुआ।
काले कानून लाए जिसमें लिख दिया कि आपका हक कोई और छीनेगा
मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए श्रीमती गांधी ने कहा कि,''काले कानून लाए जिसमें लिख दिया कि आपका हक कोई और छीनेगा। ऐसा कानून बनाया कि आप उद्योगपतियों के खिलाफ कचहरी नहीं जा सकते। आपके साथ अन्याय हो तो आप डीएम के यहां नहीं जा सकते। आपसे आपका हक छीनने का कानून लाए। किसान महीनों तक सड़क पर रहे लेकिन प्रधानमंत्री ने निकलकर बात नहीं की।
यह खोखला राष्ट्रवाद है... यह राजनीतिक मंचों का राष्ट्रवाद
उन्होंने कहा कि,'''यह कैसा राष्ट्रवाद है कि आप किसानों की समस्या सुनते तक नहीं? यह कैसा राष्ट्रवाद है कि आपके मंत्री के पुत्र ने किसानों को कुचल डाला और वह मंत्री आपके साथ मंच पर खड़ा होता है? यह कैसा राष्ट्रवाद है कि जो किसान का बेटा सीमा पर तैनात है उसके साथ आप विश्वासघात कर रहे हैं। यह खोखला राष्ट्रवाद है। यह राजनीतिक मंचों का राष्ट्रवाद है।
कांग्रेस ने रोजगार देने वाले जितने संस्थान बनाए थे, सब अपने मित्रों को बेच डाला
PM मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस ने रोजगार देने वाले जितने संस्थान बनाए थे, सब अपने मित्रों को बेच डाला। बड़ी-बड़ी संस्थाएं बेच डाली तो रोजगार कहां से देंगे? जो सरकार देश के नौजवानों को रोजगार नहीं देती वह अपने को राष्ट्रवादी नहीं कह सकती। राष्ट्रवादी होने के लिए जिन शहीदों ने देश के लिए अपना खून दिया है, उन्हें गाली देने की हिम्मत नहीं होनी चाहिए। ये ऐसे राष्ट्रवादी है जो स्वतंत्रता सेनानियों को गाली दे रहे हैं। ये ऐसे राष्ट्रवादी हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि,'''नेता को भगवान नहीं बनाते। नेता भगवान नहीं हैं, इंसान हैं। और इंसान को अगर बेलगाम सत्ता दे दो, उसे एहसास हो जाए कि उसकी कोई जिम्मेदारी नहीं है तो वह बेलगाम हो जाता है। वो यह भूल जाता है कि यह सत्ता आपकी है जिसे आपने उसे उधार दिया है।
जनता के लिए करो लड़ाई
प्रियंका गांधी ने कहा कि,''उत्तर प्रदेश में 3 साल पहले पार्टी ने मुझे प्रदेश का प्रभारी बनाया| मेरी पार्टी ने मुझे यूपी का प्रभारी बनाया तो कुछ नेताओं ने कहा कि यहां से निकल जाइए, बहुत संघर्ष है। मैंने अपने भाई से बात की। मैंने उनसे पूछा आपके मन में क्या है। उस समय मेरे भाई राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष थे। मेरे भाई ने कहा, कितना भी संघर्ष करना पड़े, करो। तुम्हारा एक ही काम है कि जहां दुख हो, जहां पीड़ा हो, वहां जनता के साथ मिलकर लड़ो। सोनभद्र में 13 आदिवासियों का नरसंहार हुआ। मैं पीड़ित परिवारों से मिली। पुलिस ने माफिया की मदद की, लेकिन आदिवासियों को बचाने कोई नहीं आया। उन्नाव में एक महिला के साथ बलातकार हुआ और उसे मारने की कोशिश की गई। एक पीड़िता को जला दिया गया।
उन्नाव, हाथरस, लखीमपुर हर जगह पीड़ितों ने यही कहा कि पुलिस तो हमी पर दबाव डाल रही
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि,''हाथरस में दलित बेटी के साथ बलात्कार हुआ तो पुलिस ने पीड़ित परिवार की मदद नहीं की, अपराधी के साथ खड़ी रही। लखीमपुर में एक मंत्री के पुत्र ने छह किसानों को गाड़ी से कुचल डाला। पुलिस ने किसानों की मदद नहीं की। सरकार अपराधी के साथ खड़ी हो गई। उन्नाव, हाथरस, लखीमपुर हर जगह पीड़ितों ने यही कहा कि पुलिस तो हमी पर दबाव डाल रही है। हमारी लड़ाई कौन लड़ेगा? मारे गए किसानों के परिवारों पर पुलिस ने दबाव डाला। आगरा में अरुण वाल्मीकि के परिवार को प्रताड़ित किया और उसे थाने में मार डाला।
बसपा , सपा और भाजपा सिर्फ जाति और धर्म की बात कर रही
उन्होंने कहा कि,''''यहां के राजनीतिक दल, बसपा, सपा, भाजपा जनता के क्या मुद्दे उठाते हैं? बसपा और सपा सिर्फ जाति की बात कर रही हैं। भाजपा सिर्फ जाति और धर्म की बात कर रही है। नौजवान बेरोजगार हैं। भर्तियों में घोटाला हो रहा है। युवाओं के भविष्य बर्बाद हो रहे हैं। युवा हमसे कहते हैं कि दीदी मदद करो, हमारी तो उम्र ही निकल गई। दूसरी तरफ 12 लाख पद खाली हैं लेकिन रोजगार देने का प्रयास ही नहीं हो रहा है। प्रधानमंत्री आपके सामने कहते हैं कि उन्हें मालूम ही नहीं है कि प्रदेश की समस्या क्या है।
प्रधानमंत्री मंच से कहते हैं कि आपने हमारा नमक खाया, हमने टोका तो पलट गए लेकिन मानसिकता दिख गई
पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि,'' 'प्रधानमंत्री को चुनाव के पहले पता चला कि किसान जानवरों से परेशान हैं। युवा बेरोजगारी से, किसान जानवरों से, बहनें महंगाई से परेशान हैं। प्रधानमंत्री मंच से कहते हैं कि आपने हमारा नमक खाया है। हमने टोका तो पलट गए लेकिन मानसिकता दिख गई। वे एक बोरा राशन पकड़ाकर आप पर एहसान लाद रहे हैं। ये जानते हैं कि धर्म और जाति के नाम पर सत्ता मिल जाएगी, इसलिए ये आपको कभी नौकरियां नहीं देंगे। जब तक आप इन पर निर्भर रहेंगे, तब तक ये आपके जज्बात का इस्तेमाल करेंगे क्योंकि आपको बहकाना आसान होगा।
जाति और धर्म की बातें करके आपको गुमराह किया जा रहा है
प्रियंका गांधी ने कहा कि,'''संविधान में रोजगार, शिक्षा, भोजन ये सब आपका हक है। जाति और धर्म की बातें करके आपको गुमराह किया जा रहा है। इससे सबसे बड़ा नुकसान आपका है। नेताओं का इससे कोई नुकसान नहीं होता। वह जनता को गरीब रखकर बार-बार सत्ता में आता है। इसे बदलिए। यह मेरे पूर्वजों की धरती है। इसमें मेरे पूर्वजों का खून मिला हुआ है। जब तक एक सही और सच्ची राजनीति उभरकर नहीं आएगी, तब तक मैं लड़ती रहूंगी। मैंने निर्णय लिया है कि इस चुनाव का नतीजा कुछ भी आए, मैं आपका साथ नहीं छोड़ूंगी। आपके साथ मिलकर लड़ती रहूंगी।