गोंडा: यूपी के गोंडा जिले में एक युवती की सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मामला गोंडा जिले के थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव का है,जहां शौच के लिए गई युवती की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। मामले में दो लोगों के खिलाफ दुष्कर्म व हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दूसरे की तलाश जारी है|
जिले के थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात तकरीबन आठ बजे शौच के लिए घर से निकली 17 वर्षीय किशोरी का अर्धनग्न शव उसके घर से 100 मीटर की दूरी पर बागीचे में पड़ा मिला। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फॉरिंसिक टीम ने भी जांच की है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के नाथू भगतपुरवा परसापुर में लड़की का शव मिलने के संबंध में पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज करा दी गई है।पुलिस ने बताया कि,'' युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म व हत्याकाण्ड का 25000 रू0 का पुरस्कार घोषित अपराधी महेश यादव को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है|
थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीया किशोरी की मां ने बताया कि उसकी बेटी शुक्रवार की रात तकरीबन आठ बजे शौच जाने को कहकर घर से निकली थी। मगर काफी देर बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसकी बेटी का अर्धनग्न शव घर से 100 मीटर की दूरी पर यूके लिप्टस के बागीचे में पड़ा मिला।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि,'' थाना नवाबगंज के अंतर्गत एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। मामले में 2 लोगों का नाम सामने आया। एक आरोपी को पुलिस कार्रवाई में गोली लगी है जो अभी अस्पताल में है। दूसरा आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है|