कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के टेड़ियां गांव निवासी युवक को रविवार की रात अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। घर के ठीक सामने हुई इस वारदात से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोनवरसा के मजरा टेड़ियां गांव की रहने वाली सावित्री पत्नी विनोद कुमार ने बताया कि गांव के सामने ही गोंडा उतरौला मुख्य सड़क मार्ग के किनारे ही टिन शेड डालकर परिवार समेत गुजर बसर कर रही है।
महिला के मुताबिक रविवार की रात करीब 9 बजे उसका बड़ा बेटा सुरेन्द्र (24) घर के सामने सड़क पार कर लघुशंका करने गया था। इसी दौरान गोंडा की तरफ जा रहे एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर सुरेंद्र को कुचल दिया।
ट्रक का पहिया सुरेंद्र के सिर पर चढ़ गया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया।
सूचना पाकर कोतवाली देहात व सालपुर चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट भेजा है।
इस घटना के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया है। मां सावित्री व दादी भाग्यदेई का रो रोकर हाल बेहाल है। कोतवाली देहात पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेजा गया है और विधिक कार्रवाई प्रचलित है।