गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में प्राइवेट बस और कार की भीषण टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रुप से घायल हैं।यह हादसा सोमवार सुबह, गुरुग्राम के खेटावास गांव के पास हुआ है|
खेटवास पेट्रोल पंप के सामने कार और बस में टक्कर हो गई| यह घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गाड़ी में 5 लोग सवार थे जिसमें से 4 लोगों की मृत्यु हो गई है। गंभीर रूप से घायल युवक की हालत नाजुक है|
मारुति कंपनी की स्टाफ बस फरुखनगर से गुरुग्राम जा रही थी| बस खेतावास पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी कि..तभी खेटावास पेट्रोल पंप के सामने कार ने तेजी से यू-टर्न लिया, जिसके बाद वह बस से टकरा गई| बस की रफ्तार तेज होने के चलते बस कार को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई।
मौके पर पहुंची गुरुग्राम पुलिस ने चारों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतकों की पहचान करने के साथ ही शवो को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी गुरुग्राम प्रीतपाल सिंह ने बताया,''आज, सोमवार सुबह एक गाड़ी एक बस से टकरा गई। गाड़ी में सवार 5 युवकों में से 4 की मृत्यु हो गई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है|