हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में धौलाना स्थित एक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से 13 लोगों की मौत हो गई और 21 लोग घायल हैं| हापुड़ फैक्ट्री में हुए विस्फोट से 13 लोगों की मौत होने पर धौलाना थाने में आईपीसी की धारा 286, 287, 304, 308, 337 और 338 के तहत FIR दर्ज की गई है। FIR में कहा गया है कि फैक्ट्री में पटाखों का निर्माण किया जाता था।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में धौलाना स्थित केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से शनिवार को बड़ा हादसा हो गया हैं।,''धौलाना क्षेत्र के केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से तेज धमाके के साथ आग लग गई। तेज धमाके के बाद लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। यहां हुआ धमाका इतना जोरदार था कि आसपास स्थित कुछ फैक्ट्रियों की छतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं| दमकल की गाड़ियों को आग पर काबू पाने में तीन घंटे लग गए|
हापुड़ की DM मेधा रूपम ने बताया,''कल रात तक 12 लोगों की मृत्यु हुई थी आज एक और व्यक्ति की मृत्यु हुई है... 21 लोग घायल हैं। उन्होंने कहा,''फॉरेंसिक टीम आई और उन्होंने सैंपल लिए हैं। ब्लास्ट के कारणों पर जांच चल रही है क्योंकि कंपनी को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की अनुमति थी...लेकिन क्या हुआ और किन चीज़ों का प्रयोग हो रहा था फॉरेंसिक की रिपोर्ट आएगी तो पता चलेगा।
DM मेधा रूपम ने कहा,'' हमने UPSIDC की चौकी और धौलाना चौकी पर हेल्प डेस्क नंबर जारी किए हैं जिसमें नंबर भी दी गई है। मैं अनुरोध करूंगी कि किसी के पास भी अगर कोई जानकारी है तो हमें बताएं|
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के हापुड़ की एक केमिकल फैक्ट्री में हुई एक दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
अपने एक ट्वीट में, प्रधानमंत्री ने कहा:“उत्तर प्रदेश के हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के इलाज और दूसरी हर संभव सहायता में राज्य सरकार तत्परता से जुटी है|