हरिद्वार: हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र में हनुमान जयंती जुलूस के दौरान पथराव की घटना हुई थी, जिसके बाद से घटनास्थल पर सुरक्षा बल तैनात है। SSP हरिद्वार डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि,'' प्रथम रिपोर्ट के अनुसार मामले में 11 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। गांव के लोगों के साथ पुलिस अधिकारी बैठक और बातचीत कर रहे हैं, क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। सभी क्षेत्रों में अभी शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ है|
हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र में शनिवार देर शाम हनुमान जयंती जुलूस के दौरान पथराव हुआ था| इसमें चौकी प्रभारी समेत 10 से अधिक व्यक्ति घायल हो गए थे। गांव में अभी भी भारी पुलिस बल तैनात।
हनुमान जन्मोत्सव पर हरिद्वार के भगवानपुर में शोभायात्रा पर पथराव के बाद दो समुदायों के आमने-सामने आ जाने से अफरातफरी फैल गई। बवाल शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे तक चला। पुलिस के समझाने बुझाने और शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद शोभा यात्रा पूरी हुई| बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने चार वाहनों में आग लगा दी थी और दूध के वाहन में तोडफ़ोड़ की थी।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह रावत ने बताया था कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटना शनिवार देर शाम की है। जिसमें रुड़की के पास भगवानपुर थाने के अंतर्गत डाडा पट्टी गांव से बजरंग दल के कार्यकर्ता ग्रामीणों के साथ शोभायात्रा निकाल रहे थे.. यात्रा में शामिल कुछ व्यक्तियों ने आतिशबाजी की। इस बीच पथराव शुरू हो गया और भगदड़ मच गई। पथराव में 10 व्यक्तियों समेत शोभायात्रा के साथ चल रहे मंडावर चौकी प्रभारी आशीष नेगी घायल हो गए। वाहनों को आग लगाने के साथ तोडफ़ोड़ भी की गई। आसपास के थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति पर नियंत्रण पाया।