कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सटे हावड़ा के पंचला बाजार में पैगंबर विवाद पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच दोबारा झड़प हुई है| भाजपा से निलंबित नेता नूपुर शर्मा और भाजपा से निष्कासित नेता नवीन कुमार जिंदल की विवादित बयान को लेकर हावड़ा के पांचला बाजार में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के एक समूह के बीच ताजा झड़प हुई है। प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव किए जाने पर पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रशासन ने 15 जून 2022 तक शहर में तीन या उससे ज्यादा लोगों के एकसाथ जमा होने पर रोक लगा दी है|
ज़िलाधिकारी हावड़ा ने बताया कि,,''बनहरीशपुर जीपी(ग्राम पंचायत), पंचला जीपी, बेलदुबी जीपी, सुवरारा जीपी, देउलपुर जीपी, बिकिहाकोला जीपी, मानसतला, चेंगैल, निमदिघी, गंगारामपुर, बाजारपारा, फुलेश्वर सहित ज़िले के कई इलाकों में 13 जून सुबह 7 बजे तक धारा 144 लागू की गई है|
उलुबेरिया-सब डिवीजन हावड़ा के अधिकार क्षेत्र के तहत राष्ट्रीय राजमार्गों और रेलवे स्टेशनों के हिस्सों में और उसके आसपास लागू की गई धारा 144 की अवधि को 15 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है।
इससे पहले कल भी शहर के कुछ इलाकों में बीजेपी की निलंबित नेता नुपुर शर्मा और बीजेपी से निष्कासित नवीन कुमार जिंदल के विवादित बयान के विरोध में प्रदर्शन हुए थे| कल (शुक्रवार) भी उपद्रवियों ने पंचला इलाके में पथराव किया था और हावड़ा जिले में अलग-अलग स्थानों पर सड़कों और रेल की पटरियों को अवरूद्ध कर दिया था| वहीं, राज्य सरकार ने ऐहतियाती कदम उठाते हुए हावड़ा जिले में शुक्रवार शाम को इंटरनेट सेवा स्थगित करवा दिया था|