हैदराबाद: तेलंगाना पुलिस ने पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के लिए भाजपा विधायक राजा सिंह को हिरासत में लिया। भाजपा विधायक राजा सिंह को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए आज गिरफ्तार किया गया| हैदराबाद पुलिस ने कहा कि धार्मिक आस्था के अपमान से संबंधित कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है|
राजा सिंह द्वारा पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने वाला एक वीडियो जारी करने के बाद सोमवार रात शहर के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद के कार्यालय और हैदराबाद के अन्य हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे, जिसके बाद मामला दर्ज कर ये कार्रवाई हुई है|
दबीरपुरा पुलिस स्टेशन में राजा के खिलाफ IPC की 295(a), 153(a) समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों में से भी कई लोगों को हिरासत में लिया है। हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर ऑफिस, डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस ऑफिस और पुराने पुलिस कमिश्नर ऑफिस के दफ्तर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
BJP विधायक राजा सिंह के बयान पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा,'' मैं भाजपा विधायक द्वारा दिए गए बयान की निंदा करता हूं। बीजेपी तेलंगाना में अमन को खराब करना चाहती है, बीजेपी हैदराबाद के अमन को खराब करना चाहती है और यहां पर बीजेपी सांप्रदायिक दंगे कराना चाहती है| हम देश के पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी से पूछना चाहते हैं कि क्या आप इसकी निंदा करेंगे|