गुवाहाटी: Assam Assembly Election 2021 : असम में कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के करीब एक माह पहले ही गठबंधन के उम्मीदवारों को दलबदल से बचाने की कवायद तेज कर दी है| कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवारों को जयपुर के रिसॉर्ट लाया गया है| पार्टी सूत्रों का कहना है कि कम से कम 22 उम्मीदवारों को जयपुर के एक रिसॉर्ट में सुरक्षित पहुंचाया गया है|
असम में कांग्रेस गठबंधन में शामिल बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) का एक उम्मीदवार तो मतदान के पहले ही बीजेपी में शामिल हो गया था| इससे गठबंधन को गहरा झटका लगा था|चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट ने इस सीट पर मतदान स्थगित करने की मांग भी खारिज कर दी थी| सूत्रों के मुताबिक, इस घटना से सबक लेते हुए कांग्रेस गठबंधन ने अन्य उम्मीदवारों को लेकर सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है|
सूत्रों का कहना है कि जयपुर लाए गए प्रत्याशियों में बदरुद्दीन अजमल की पार्टी ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) और बोड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के उम्मीदवार शामिल हैं|
इस पुरे मामले पर AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने कहा,'' 2 तारीख को हमारी सरकार आएगी, खेला होबो और हम जीतेंगे। जिन लोगों को हॉर्स ट्रेडिंग करने की आदत है वह यह करेंगे। लेकिन इस बार हॉर्स ट्रेडिंग उस तरफ से नहीं हमारी तरफ से होगी। हमारे लोग कितने बाहर जा रहे हैं, मुझे इस बारे में कुछ पता नहीं है|
AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने कहा,''बीजेपी के विधायकों ने अभी हमसे संपर्क नहीं किया है। मैं झूठ नहीं बोलूंगा लेकिन वह करेंगे। जिस दिन हमारी सरकार आएगी बीजेपी के विधायक हमसे संपर्क करेंगे|