नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने 11 फरवरी तक रैलियों पर प्रतिबंध बढ़ाया। पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इलेक्शन कमीशन ने फिजिकल रैली पर चल रहे प्रतिबंध को 11 फरवरी तक बढ़ा दिया है हालांकि, सभाओं और चुनाव प्रचार में लोगों की संख्या के आधार पर छूट दी गई है| चुनाव आयोग ने अधिकतम 1,000 लोगों के साथ रैलियों की अनुमति दी है। 500 लोगों की अधिकतम क्षमता वाली इनडोर बैठकें हो सकती है। डोर-टू-डोर अभियान के लिए 20 लोगों को अनुमति दी गई है।
अभी तक 31 जनवरी तक था रैलियों पर प्रतिबंध
कोरोना के मामलों में वृद्धि के बीच चुनाव आयोग ने 22 जनवरी को फिजिकल रैलियों और रोड शो पर प्रतिबंध को 31 जनवरी तक बढ़ा दिया था। चुनाव आयोग ने पहले 15 जनवरी तक चुनावी रैलियों और रोड शो पर रोक लगाई थी और बाद में इसे 22 जनवरी तक बढ़ा दिया था।
आज की तारीख में कोरोना प्रतिबंधों के साथ निर्दिष्ट खुले स्थानों पर प्रचार के लिए सुरक्षा कर्मियों और वीडियो वैन को छोड़कर, डोर टू डोर कैंपेन के लिए पांच से दस व्यक्तियों की सीमा रखी गई थी।
यूपी, उत्तराखंड और गोवा समेत पांच राज्यों में हैं विधानसभा चुनाव
बता दें कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच होंगे। चुनाव आयोग ने गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी। मतों की गिनती 10 मार्च को की जाएगी।