1 Month Of Bharat JodoYatra: कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा का आज 31वां दिन है| भारत जोड़ो यात्रा के एक महीने पूरे होने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि, “ एक महीने पहले, 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से हमने भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की और आज हम 700 कि.मी से ज़्यादा का सफर तय कर कर्नाटक तक पहुंच चुके हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि, “यात्रा की शुरुआत करने से पहले हमें उम्मीद थी कि जब हम चलेंगे तब लोग हमारे साथ जुड़ेंगे। लेकिन पहले ही दिन, हज़ारों की भीड़, लोगों का उत्साह, प्रेम और भारी समर्थन देखकर मैं हैरान भी हुआ और बहुत ख़ुश भी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि, “भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ जनता के अपार समर्थन की वजह से सफल हो रही है, लोग खुल कर हमारे साथ बात कर रहे हैं, अपनी परेशानियां बता रहे हैं, एक नई उम्मीद और जोश के साथ महंगाई, बेरोज़गारी और नफ़रत के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि,''मुझे भी इस यात्रा से बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। अब तक कई नए रिश्ते बने, किसी ने प्यार से नारियल पानी पिलाया, किसी ने चाय पिलायी, किसी ने खाना खिलाया तो किसी ने गले लगाया।
राहुल गांधी ने कहा कि, “ये यात्रा भारत के लोगों की यात्रा है, देश की आवाज़ है, एक अद्भुत शक्ति है। देश की एकता-अखंडता को बचाने के लिए, अमन-शांति लाने के लिए, युवाओं को रोज़गार दिलाने के लिए, महंगाई की मार से आम लोगों को बचाने के लिए, हमें एक होना ही पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि,''अभी तो सिर्फ एक महीना बीता है, अभी रास्ता बहुत लंबा है। न हम थकेंगे, न रुकेंगे, एक-दूसरे का हाथ थामे, एक-दूसरे का सहारा बन हम अपना प्यारा भारत जोड़ेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि,आप सब को दिल से धन्यवाद, आप सब मुझे जितना प्यार और सम्मान दे रहे हैं उसके लिए मैं हमेशा आपका ऋणी रहूंगा।1MonthOfBharatJodoYatra
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक जाएगी। इस दौरान 3500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यात्रा 12 राज्यों से होकर गुजरेगी।