मुख्य सामग्री पर जाएँ
24 अगस्त 2026

महंगाई -बेरोजगारी पर कांग्रेस का देशव्यापी हल्ला बोल: राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया

नई दिल्‍ली: बेतहाशा बढ़ चुकी महंगाई, बेरोज़गारी और खाद्य पदार्थों पर लगी GST के खिलाफ कांग्रेस आज देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है| राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता राष्ट्रपति भवन तक मार्च क…

महंगाई -बेरोजगारी पर कांग्रेस का देशव्यापी हल्ला बोल: राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया
महंगाई -बेरोजगारी पर कांग्रेस का देशव्यापी हल्ला बोल: राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया | फ़ोटो: TVL News

 नई दिल्‍ली:  बेतहाशा बढ़ चुकी महंगाई, बेरोज़गारी और खाद्य पदार्थों पर लगी GST के खिलाफ कांग्रेस आज देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है| राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता राष्ट्रपति भवन तक मार्च के लिए निकले लेकिन उन्हें रास्ते में रोक दिया गया| कांग्रेस नेता राहुल गांधी,   प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है| प्रियंका गांधी ने कहा कि,''महंगाई हद से ज़्यादा बढ़ गई है, सरकार को कुछ करना पड़ेगा। हम इसके लिए ही आंदोलन कर रहे हैं|



कांग्रेस सांसदों  ने आज काले कपड़े पहनकर राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च निकाला, लेकिन उन्हें विजय चौक पर रोक दिया गया प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद शशि थरूर, प्रियंका गांधी मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश और रंजीत रंजन समेत कांग्रेस के कई नेताओं को हिरासत में लिया गया| कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में लोकतंत्र नहीं बचा है| मैं जितना सच बोलूंगा, मुझ पर उतना ही हमला होगा|



LIVE UPDATES:



दिल्ली पुलिस लाइंस किंग्सवे कैंप में हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं से भूपेश बघेल ने मुलाकात की

दिल्ली: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किंग्सवे कैंप पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की, जिन्हें न्यू पुलिस लाइंस किंग्सवे कैंप में हिरासत में लिया गया है।



मैं कुछ नहीं बोलूंगी : मंहगाई को लेकर  कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर हेमा मालिनी

भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा,''मंहगाई को लेकर कांग्रेस पार्टी जो प्रदर्शन कर रही है उस पर मैं कुछ नहीं बोलूंगी। हमारी सरकार, मोदी जी और अमित शाह जी तय करेंगे की क्या करना है। कांग्रेस का उद्देश्य है कि वे सदन नहीं चलने देंगे|



देश की जनता महंगाई की मार से त्राहि-त्राहि कर रही है: छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने कहा,'कांग्रेस कमेटी ने फैसला लिया है कि वे सभी प्रदेशों में महंगाई के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। आज देश की जनता महंगाई की मार से त्राहि-त्राहि कर रही है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, दूध, खाने का तेल सब महंगा हो रहा है|




● कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित पार्टी के अन्य सांसदों को पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के साथ न्यू पुलिस लाइंस किंग्सवे कैंप में हिरासत में लिया गया।



● केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा,''कांग्रेस पार्टी 60 साल सत्ता में रही और आजादी के बाद हिटलर की ऐसी भूमिका निभाई कि लोकतंत्र की हत्या कर दी, देश में इमरजेंसी लगा दी। कांग्रेस पार्टी ने लोकतंत्र के हत्यारे के रूप में इतिहास में जो काला अध्याय लिखा है इससे बड़ा हिटलर और कौन हो सकता है|




● चंडीगढ़: महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस कर्मियों द्वारा वाटर कैनन इस्तेमाल किया गया।



GST की बैठक में वे विरोध नहीं करते और प्रेस वार्ता में विरोध करते: मेघवाल

केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा,''मॉनसून सत्र में राहुल गांधी जी गंभीर नहीं हैं। उनकी पार्टी ने महंगाई पर चर्चा मांगी तो वे मौजूद नहीं थे और प्रेस वार्ता में मंहगाई की बातें करते हैं। GST की बैठक में वे विरोध नहीं करते और प्रेस वार्ता में विरोध करते हैं|



कांग्रेस पार्टी ड्रामा कर रही है: जगदंबिका पाल

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि,'कांग्रेस पार्टी ड्रामा कर रही है।  राहुल गांधी और कांग्रेस अगर महंगाई पर गंभीर होते तो सदन में 7 घंटे की चर्चा में राहुल गांधी बोलते। महंगाई पर बोलना तो छोड़िए उन्होंने वित्त मंत्री के जवाब तक का बहिष्कार किया। महंगाई तो बहाना, ED निशाना है|



2-4 लोग रईस हो गए हैं, आम जनता तड़प- तरस रही है: प्रियंका गांधी

कांग्रेस पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि,इनको (केंद्र सरकार को) लगता है कि विपक्ष में जो भी है उनको दबा सकते हैं। उनको लगता है कि अपनी फौज दिखाने के बाद हम समझौता करे लेंगे... इनके मंत्री कहते हैं कि महंगाई नहीं है। हम प्रधानमंत्री आवास तक जाकर महंगाई दिखाना चाहते हैं| उनके लिए मंहगाई नहीं है क्योंकि मोदी जी ने पूरे देश की संपत्ति अपने दोस्तों को दे दी है। उन पर कोई कार्रवाई नहीं है। 2-4 लोग रईस हो गए हैं लेकिन आम जनता तड़प, तरस रही है। उनको महंगाई इसलिए नहीं दिखती क्योंकि उनके पास पैसा ही पैसा है। सब चीज़ें महंगी हो चुकी हैं|



उनको जांच एजेंसियों का डर क्यों है? आखिरकार छिपा क्या रहे हैं?: अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि,'' उनको जांच एजेंसियों का डर क्यों है? आखिरकार छिपा क्या रहे हैं? क्यों सड़कों पर उतर रहे हैं? जनता बार-बार एक सवाल पूछती है कि गुनहगार को गुनाह छिपाने के लिए सबका सहयोग क्यों लेना पड़ रहा है?| भ्रष्टाचार करना और ऊपर से सीना चौड़ा करके सरकार और जांच एजेंसियों पर दवाब बनाना, ये कहां का न्याय है। सोनिया जी, राहुल जी इस तरह का खेल मत खेलिए। देश सच्चाई जानना चाहता है और जांच एजेंसी जांच करना चाहती हैं|



 लोकतंत्र की सबसे बड़ी तानाशाही का सबूत है आपातकाल : बघेल

केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि,''वे जिस तानाशाही और हिटलर की बात कर रहे हैं, इस देश में 25 जून 1975 को लगाई जाने वाली आपातकाल लोकतंत्र की सबसे बड़ी तानाशाही का सबूत है जिसमें सभी विपक्षियों को जेल भेज दिया गया था। 25 जून 1975 देश के लोकतंत्र का काला दिन है|




लखनऊ पुलिस ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

उत्तर प्रदेश: कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा महंगाई और बेरोजगारी को लेकर लखनऊ में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।



मंहगाई और बेरोजगारी पर चर्चा नहीं करना चाहती है सरकार :पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि,''जिस तरीके से सरकार काम कर रही है, सैकड़ों बार हमारे सांसदों को हिरासत में लिया जा रहा है, अपनी बात रखने से रोका जा रहा है ये अलोकतांत्रिक है। सरकार मंहगाई और बेरोजगारी पर चर्चा नहीं करना चाहती है|




हिरासत में लिए गए मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश और रंजीत रंजन सहित कांग्रेस सांसद

दिल्ली में पुलिस लाइंस किंग्सवे कैंप में हिरासत में लिए गए मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश और रंजीत रंजन सहित कांग्रेस सांसद।




दिल्ली: कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा महंगाई और बेरोजगारी को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।



पुलिस ने प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया

पुलिस ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को दिल्ली में AICC मुख्यालय के बाहर से हिरासत में लिया, जहां वे बेरोजगारी और महंगाई को लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन शामिल हुई थीं।



धमकी-जीवी ने कांग्रेस एवं नेताओं के खिलाफ प्रतिशोध और डर की जहरीली राजनीति तेज कर दी है: जयराम रमेश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि,''पिछले 3 महीनों से, जब से कांग्रेस अध्यक्ष ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की घोषणा की है, धमकी-जीवी ने कांग्रेस पार्टी एवं हमारे नेताओं के खिलाफ प्रतिशोध और डर की जहरीली राजनीति तेज कर दी है। यह सिर्फ संयोग नहीं है।



सरकार ने हर चीज़ पर GST लगा दी है: बाजवा

चंडीगढ़ में प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि,''केंद्र सरकार ने हर चीज़ पर GST लगा दी है। यह लोग हिंदुस्तान में सब विपक्षी पार्टियों पर हमला कर रहे हैं। यह शर्मनाक है कि सत्र के दौरान जब विपक्ष के नेता सदन में मौजूद थे उस वक्त उनको बुलाया गया। मैं समझता हूं कि यह गलत संदेश है|



धरना प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है : दिल्ली पुलिस

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर नई दिल्ली की DCP अमृता गुगुलोथ ने कहा कि,''हमने उनको हिरासत में लिया है क्योंकि यहां धारा 144 लागू है और धरना प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। हमने उनको सूचित भी किया था लेकिन वे नहीं माने इसलिए हमने उनको हिरासत में लिया है|



राहुल गांधी और शशि थरूर समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया

दिल्ली: महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, शशि थरूर और MP के पूर्व दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया। 



हरीश रावत को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया

दिल्ली में महंगाई और बेरोजगारी पर केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को पुलिस ने हिरासत में लिया।



मुंबई कांग्रेस के नेताओं के साथ हुई धक्का-मुक्की, पुलिस ने हिरासत में लिया

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप , कार्यकारी अध्यक्ष चरणजीत सिंह सप्रा और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण को भी हैंगिंग गार्डन से पुलिस ने हिरासत में ले लिया, इस दौरान बहुत धक्का मुक्की हुई ,भाई जगताप सड़क पर गिर गए... सभी को घसीटते हुए पुलिस ने वैन में बैठाया|



नौजवानों के भविष्य को बिगाड़ने का काम कर रही है सरकार : दीपेंद्र सिंह हुड्डा

विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि,''हम महंगाई और बेरोजगारी पर आवाज उठाना चाहते हैं। ये सरकार नौजवानों के भविष्य को बिगाड़ने का काम कर रही है। आज देश में महंगाई और बेरोजगारी को लेकर हम आवाज उठाना चाहते हैं लेकिन हमें निशाने पर ले रहे हैं|



चंडीगढ़ में प्रदर्शन

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ कांग्रेस नेताओं ने धरना प्रदर्शन किया।



लखनऊ में हल्ला बोल

लखनऊ में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और GST के खिलाफ़ हल्ला बोल।



आंध्र प्रदेश में विरोध प्रदर्शन 

कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विजयवाड़ा में विरोध प्रदर्शन किया।



धरने पर बैठी कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी

दिल्ली में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा AICC मुख्यालय के बाहर पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठी।



विजय चौक दिल्ली पर कांग्रेस के विरोध के दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि,''हम महंगाई, बेरोजगारी, GST दर में बढ़ोतरी सहित अन्य मुद्दों के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध कर रहे हैं|



महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है

कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि,'',''महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है। कांग्रेस पार्टी महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ देशव्यापी विरोध कर रही है। हम लोगों को हिरासत में लिया जा रहा और ये दुख की बात है कि हम सत्याग्रह भी नहीं कर सकते हैं: 



कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि,'',हम जनता को रास्ते पर आकर दिखाना चाहते हैं कि जो भी सरकार बेरोज़गारी, महंगाई को लेकर बोल रही है वह सब सही नहीं है। यह दिखाने के लिए हम स्वतंत्र हैं। सदन में एक बार महंगाई पर चर्चा हुई थी लेकिन सरकार ने इसको नकार दिया। एक बार वे बाज़ारों में जाकर देखें|



हमारा काम जनता के विषयों को उठाना है और हम अपना काम कर रहे हैं

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि,''हम शांति से राष्ट्रपति भवन जाना चाहते थे। रैली में सभी लोग राज्यसभा और लोकसभा के सांसद हैं मगर हमें जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर हम यहां हैं। लोकतंत्र की हत्या हो रही है| हमारा काम ये सुनिश्चित करना है कि भारतीय लोकतंत्र सुरक्षित हो। हमारा काम जनता के विषयों को उठाना है और हम अपना काम कर रहे हैं|



अडानी दुनिया का सबसे अमीर होता जा रहा है,देश गरीब होता जा रहा: प्रमोद तिवारी

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि,''अडानी दुनिया का सबसे अमीर (इंसान) होता जा रहा है और देश गरीब होता जा रहा है। उनको (सरकार को) सद्बुद्धि आ जाए इसलिए काले कपड़े पहनकर आया हूं। सरकार संसद में चर्चा कराए इसलिए राष्ट्रपति के पास जा रहे हैं|



लोग महंगाई की मार के नीचे कुचले जा रहे हैं, लेकिन सरकार को कोई फर्क़ नही पड़ता: मनीष तिवारी

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि,'' आज लोग महंगाई की मार के नीचे कुचले जा रहे हैं लेकिन इस सरकार को कोई फर्क़ नही पड़ता|



यह विरोध मंहगाई और अग्निपथ को लेकर है

कांग्रेस सासंद पी.चिदंबरम ने कहा कि,''यह विरोध मंहगाई और अग्निपथ को लेकर है। मंहगाई सभी को प्रभावित करती है। एक राजनीतिक दल के रूप में और एक निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में हम जनता के बोझ के लिए आवाज उठाने के लिए बाध्य हैं: 



..ये लड़ा??? लंबी है और हम लड़ते रहेंगे: सलमान खुर्शीद 

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि,यह बात स्पष्ट है कि इस देश की जनता पर जो प्रहार हो रहे हैं, उसके लिए हम लड़ रहे हैं। ये लड़ाई लंबी है और हम लड़ते रहेंगे। बेरोजगारी और महंगाई हमारा मुद्दा है|



हम सारे सांसद गिरफ़्तारी देंगे: शुक्ला

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि, हम लोग राष्ट्रपति भवन जाने के लिए मार्च करने की कोशिश कर रहें हैं लेकिन पुलिस ने IPC की धारा 144 का हवाला देते हुए रोक दिया है। हम सारे सांसद गिरफ़्तारी देंगे। हम जनता को बेरोज़ागारी और महंगाई से राहत दिलाकर रहेंगे|



कांग्रेस सांसदों को विजय चौक पर रोका गया
राष्ट्रपति भवन की ओर जा रहे कांग्रेस नेताओं को विजय चौक पर रोक दिया गया है| कांग्रेस सांसद सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं|



कांग्रेस सांसदों ने संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकाला

दिल्ली: कांग्रेस सांसदों ने महंगाई और बेरोजगारी पर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकाला। राहुल गांधी भी मार्च में शामिल हुए।



तेलंगाना में विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ हैदराबाद में विरोध प्रदर्शन किया।




दिल्ली: कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा और सांसद सोनिया गांधी ने संसद में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ पार्टी सांसदों के विरोध का नेतृत्व किया।




 महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे राहुल गांधी

दिल्ली: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे।



 असम में महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन

 महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुवाहाटी में विरोध प्रदर्शन किया।



महंगाई हद से ज़्यादा बढ़ गई है...: प्रियंका गांधी

कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘महंगाई हद से ज़्यादा बढ़ गई है, सरकार को कुछ करना पड़ेगा। हम इसके लिए ही आंदोलन कर रहे हैं|



कांग्रेस सांसदों ने महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में काले कपड़े पहने

दिल्ली: संसद में कांग्रेस सांसदों ने महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में काले कपड़े पहने।



महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ गुवाहाटी में प्रदर्शन

असम: महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुवाहाटी में विरोध प्रदर्शन किया।



लोग डर के कारण बोल नहीं पा रहे, इतना भय पैदा हो गया, देश में लोकतंत्र बस नाम का...: अशोक गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘महंगाई, बेरोजगारी और GST का जो बहाना इन लोगों ने कर रखा है, लोग इससे बहुत दुखी हैं। लोग डर के कारण बोल नहीं पा रहे हैं, इतना भय पैदा हो गया है। सरकार समझ नहीं पा रही है। इस देश में लोकतंत्र बस नाम का है| असहमत व्यक्त करने वालों को आप जेल भेज रहे हो। इसपर ना मीडिया बोल रही है और ना जनता बोल पा रही है। अगर ये बात समझ नहीं आएगी तो लोग सड़कों पर उतरेंगे और सरकार को दिक्कत आएगी|



दिल्ली में जो रोक लगी है, मैंने ऐसा कभी नहीं देखा : गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘आज दिल्ली में जो रोक लगी है, मैंने ऐसा कभी नहीं देखा। जब विपक्ष में BJP या अन्य पार्टियां थी तब भी कई रैलियां हुई हैं, कोई रोक नहीं लगी। अगर शांतिपूर्ण तरीके से कोई रैली निकलती है और लोग जुड़ते हैं तो इससे सरकार की आंखे खुलती हैं मगर ये सरकार इससे भी चूकना चाहती है|



यह नकली गांधी: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी

राहुल गांधी के बयान 'गांधी एक परिवार नहीं बल्कि एक विचारधारा के लिए लड़ने वाली पार्टी है' पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, ‘ यह महात्मा गांधी के वशंज नहीं है, यह नकली गांधी हैं। यह नकली गांधी और नकली विचारधारा है इसलिए ऐसे बोलते हैं|



केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, ‘जो लोग अपनी खुद की पार्टी में लोकतंत्र के बारे में यकीन नहीं रखते और जिन्होंने देश में आपातकाल लगाया वे देश में लोकतंत्र के बारे में बात कर रहे हैं, यह हास्यास्पद है। जोशी ने कहा,जो भी हो रहा है वह भारत के क़ानून के तहत हो रहा है और उनको इसमें सहयोग करना चाहिए| जहां तक मल्लिकार्जुन खड़गे को ED द्वारा बुलाए जाने की बात है तो वह उस कंपनी के CEO हैं।अगर उनको बुलाया जा रहा है तो उन्हें सहयोग करना चाहिए। राहुल गांधी और सोनिया गांधी को बुलाया गया था तब संसद का सत्र नहीं चल रहा था तब भी उन्होंने सहयोग नहीं किया था|



मल्लिकार्जुन खड़गे ने काला कुर्ता और पगड़ी पहनी

दिल्ली: महंगाई और बेरोज़गारी के विरोध में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने काला कुर्ता और पगड़ी पहनी।



‘महंगाई, बेरोज़गारी और GST की लूट आदि के ख़िलाफ़ PM आवास का घेराव करेगी कांग्रेस : रावत

कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा, ‘महंगाई, बेरोज़गारी और GST की लूट आदि के ख़िलाफ़ कांग्रेस आज प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेगी। यह आंदोलन हमारा गांव-गांव, कस्बे-कस्बे में चलेगा। हम लोगों से अपील करते हैं कि अगर आप इस सबसे त्रस्त हैं तो हमारा साथ दिजीए|




राहुल गांधी घबराए और सहमे हुए हैं :भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद

राहुल गांधी के प्रेस वार्ता पर भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, "अभी हम लोगों ने राहुल गांधी जी की प्रेस वार्ता देखी। राहुल गांधी घबराए और सहमे हुए हैं। महंगाई और बेरोजगारी पर जब चर्चा होती है तो वे आते नहीं है, सदन से बाहर चले जाते हैं|



कोविड के बावजूद 200 करोड़ मुफ्त वैक्सीन लगाई गई, 80 करोड़ लोगों को आज तक भोजन कराया जाता है

रविशंकर प्रसाद ने कहा,निर्मला जी ने विस्तार में बताया कि कोविड महामारी के बाद भी भारत की आर्थिक स्थिति दुनिया के कई बड़े देशो की तुलना में काफी अच्छी है। सबसे अधिक पूंजी निवेश हुआ है। कोविड महामारी के बावजूद 200 करोड़ मुफ्त वैक्सीन लगाई गई और 80 करोड़ लोगों को आज तक भोजन कराया जाता है| 



महंगाई और बेरोजगारी पर चर्चा एक बहाना है: रविशंकर प्रसाद

रविशंकर प्रसाद ने कहा, राहुल गांधी ने साफ झूठ बोला है। अभी 2 दिन पहले सदन में चर्चा हुई उसमें कांग्रेस पार्टी के लोगों ने भाग लिया कि नहीं? निम्न स्तर के आरोप लगाए कि नहीं? राहुल गांधी ने ये झूठ क्यों बोला कि उनको बोलने नहीं दिया जाता है? ये देश को बताना जरूरी है|  महंगाई और बेरोजगारी पर चर्चा एक बहाना है। सही कारण ED को धमकाना, डराना और परिवार को बचाना है। ये असली कारण है|




वित्त मंत्री को भारत की अर्थव्यवस्था में क्या हो रहा है, इसकी कोई समझ नहीं: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह (केंद्रीय वित्त मंत्री) जिस मैक्रोइकॉनॉमिक फंडामेंटल की बात कर रही हैं, वह कुछ और है। मुझे नहीं लगता कि वित्त मंत्री को भारत की अर्थव्यवस्था में क्या हो रहा है, इसकी कोई समझ है। उनको इसकी शून्य समझ। वह वहां एक मुखपत्र के रूप में है: 



हिटलर भी चुनाव जीत जाता था: राहुल गांधी का पीएम मोदी पर निशाना

राहुल गांधी ने कहा, ‘हिटलर भी चुनाव जीतकर आया था। हिटलर कैसे चुनाव जीतता था? उसके पास सारी संस्थान उसके हाथ में थी। उसके पास पूरा ढ़ांचा था। मुझे पूरा ढांचा दे दो फिर मैं दिखाऊंगा चुनाव कैसे जीता जाता है|



हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है बल्कि 4 लोगों की तानाशाही: राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘‘लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस देश ने 70 साल में बनाया उसको 8 साल में खत्म कर दिया गया। आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है बल्कि 4 लोगों की तानाशाही है| हम महंगाई, बेरोज़गारी और समाज को जो बांटा जा रहा है उसका मुद्दा संसद में उठाना चाहते हैं लेकिन हमें बोलने नहीं दिया जाता|



जो धमकाता है वह डरता है: राहुल गांधी का पीएम मोदी पर निशाना

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘‘, ‘मैं जितना लोगों की आवाज़ उठाता हूं, जितना सच बोलता हूं उतना ज़्यादा मुझ पर हमला किया जाता है। मैं लोकतंत्र के लिए खड़े होने का अपना काम करता रहुंगा... यह बात समझ लीजिए कि जो धमकाता है वह डरता है| 



हर संस्था में आरएसएस का आदमी बैठा है : राहुल गांधी

सरकार विपक्ष के सवालों के बावजूद दबाव में नहीं दिख रही, इसके पीछे के कारण को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि देश के मीडिया समेत हर इंस्टीट्यूशन पर सरकार का कब्जा है| हर संस्था में आरएसएस का एक व्यक्ति बैठा है...विपक्ष कानूनी ढांचा, न्यायिक संरचना, चुनावी संरचना के बल पर लड़ती है। यह सब ढांचे सरकार का समर्थन कर रहे हैं क्योंकि सरकार ने अपने लोग इन संस्थानों में बैठा रखे हैं। हिंदुस्तान का कोई भी संस्थान स्वतंत्र नहीं है, वह RSS के नियंत्रण में है|



गांधी ने कहा, ‘‘,ये गांधी परिवार पर इसलिए आक्रमण करते हैं कि हम एक विचारधारा के लिए लड़ते हैं और देश में हमारे जैसे करोड़ों लोग हैं। हम लोकतंत्र के लिए लड़ते हैं, हम सांप्रदायिक सद्भाव के लिए लड़ते हैं| ये लड़ाई सिर्फ मैं नहीं लड़ रहा, बल्कि हम सालों से लड़ रहे हैं, मेरे परिवार ने शहादत दी है। ये हमारी जिम्मेदारी है, हम विचारधारा के लिए लड़ते हैं|



किसी ने कभी कल्पना नहीं की थी कि देश में ऐसा वक्त भी आएगा....: राजस्थान के मुख्यमंत्री

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘किसी ने कभी कल्पना नहीं की थी कि देश में ऐसा वक्त भी आएगा कि तिरंगों के लिए लोगों को समाप्त होते देखा जाएगा। कोई कल्पना नहीं कर सकता जिस रूप में संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं। महंगाई, बेरोज़गारी, GST पर कोई सुनवाई करने वाला नहीं है|




कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन

देश में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।



महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

दिल्ली: कांग्रेस कार्यालय के बाहर महंगाई और बेरोजगारी को लेकर प्रदर्शन कर रहे महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।




विजय चौक पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई

दिल्ली: कांग्रेस पार्टी के बेरोज़गारी और महंगाई के ख़िलाफ़ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों ने विजय चौक पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई।




आज पूरे देश में कांग्रेस महंगाई को लेकर आवाज़ उठा रही है: चौधरी

दिल्ली: बेरोज़गारी और महंगाई के ख़िलाफ़ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में इकट्ठा हुए। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा, ‘आज पूरे देश में कांग्रेस महंगाई को लेकर आवाज़ उठा रही है। आज वरिष्ठ कांग्रेस सांसद और नेता संसद से राष्ट्रपति भवन तक कूच करेंगे और वहीं कांग्रेस के अन्य नेता AICC मुख्यालय से प्रधानमंत्री निवास का घेराव करेंगे|




देश में तानाशाही रवैया अपनाई हुई है मोदी सरकार : चौधरी

सरकार देश में तानाशाही रवैया अपनाई हुई है इसलिए हम यह प्रदर्शन कर रहे हैं। हम अंग्रेजों से बुरा दौर देख रहे हैं। हमें अपने कार्यालयों के अंदर सीमित कर दिया जा रहा है। लोग ज़मीन पर पैर रखते हैं उससे पहले पुलिस उठा कर ले जाती है: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी



नई दिल्ली में धारा 144 लागू

दिल्ली: कांग्रेस पार्टी आज बेरोजगारी और महंगाई को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी। जंतर-मंतर के अलावा नई दिल्ली ज़िले के पूरे इलाके में CrPC की धारा 144 लागू है।





tvlnews

TVL News (TheViralLines) के संवाददाता। यह रिपोर्ट स्थानीय स्रोतों और उपलब्ध आधिकारिक जानकारी की पुष्टि के बाद प्रकाशित की गई है। किसी तथ्य में सुधार के लिए संपर्क करें या +91 99996 56869 पर WhatsApp करें।

मुफ़्त अलर्ट

ऐसी हर खबर सबसे पहले पाएँ

बस्ती, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ के अपडेट सीधे आपके WhatsApp पर।

इन्हें भी पढ़ें

टॉप न्यूज़ की सभी खबरें

इस खबर से जुड़े सवाल

यह खबर कब प्रकाशित हुई और आखिरी बार कब अपडेट की गई?

यह रिपोर्ट 5 अगस्त 2022 को TVL News पर प्रकाशित हुई और 9 मई 2025 को अपडेट की गई। नई जानकारी मिलने पर खबर को अपडेट किया जाता है।

इस क्षेत्र की और खबरें कहाँ पढ़ें?

इस क्षेत्र की ताज़ा खबरें TVL News के ज़िला सेक्शन में पढ़ी जा सकती हैं। thevirallines.net पर बस्ती, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ के अलग-अलग पेज हर दिन अपडेट होते हैं।

इस खबर में कोई तथ्य ग़लत लगे तो क्या करें?

TVL News हर सुधार को गंभीरता से लेता है। +91 99996 56869 पर WhatsApp करें या thevirallines@gmail.com पर लिखें — पुष्टि के बाद खबर तुरंत सुधारी जाती है।