नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने अकेले ड्राइविंग करने वाले व्यक्ति के लिए भी मास्क पहनना अनिवार्य किया। कोर्ट ने कहा कि मास्क एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है जो कोरोना को फैलने से रोकता है। हाईकोर्ट ने कहा कि कार को पब्लिक प्लेस माना जाएगा| अकेले कार चला रहे व्यक्ति को भी मास्क लगाना जरूरी है|
दिल्ली HC ने सभी चार याचिकाओं को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया है कि, निजी कारों में अकेले रहने के दौरान लोगों को मास्क पहनने के लिए चालान न किया जाये। न्यायालय ने आगे कहा कि भले ही एक कार पर केवल एक व्यक्ति का कब्जा हो, यह एक सार्वजनिक स्थान है।
इससे पहले अकेले बिना मास्क के कार चला रहे व्यक्ति का चालान काटे जाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में सोमवार को सुनवाई हुई|न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह की पीठ ने मौखिक तौर पर कहा था कि अगर आप अकेले भी कार चला रहे हैं तो मास्क पहनने में इतनी आपत्ति क्यों? कोर्ट ने कहा कि ये तो आपकी खुद की सुरक्षा का मामला है| इतना सचेत तो प्रत्येक व्यक्ति रह ही सकता है|
देश में कोरोना की दूसरी लहर ने बेहद खतरनाक रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार को अब तक सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए हैं। देश में बीते 24 घंटे में 1.15 लाख से अधिक नए मरीज मिले हैं और 630 से अधिक की मौत हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कोरोना वायरस के नए मरीज और संक्रमण से होने वाली मौतों के इस आंकड़ों ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक प्रतिदिन मिलने वाले नए संक्रमितों की यह सर्वोच्च संख्या है। रविवार के बाद यह दूसरी बार है, जब एक दिन में एक लाख से अधिक नए मामले मिले हैं। रविवार को 1,03,558 नए कोरोना मरीज मिले हैं और 478 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी किए गए ताजा आंकड़ों ने लोगों की सांसें सांसत में डाल दीं हैं। बीते 24 घंटों में अब तक सर्वाधिक रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ कोरोना संक्रमण के 1,15,736 नए मामले दर्ज किए गए हैं और 630 मरीज कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए। इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,28,01,785 पहुंच गए हैं और कोविड से मरने वालों की संख्या 1,66,177 हो गई।
दैनिक मामलों में भारत नंबर एक पर पहुंचा
दुनिया भर में नए कोरोना मरीज मिलने के मामले में अमेरिका और ब्राजील को पीछे छोड़कर भारत पहले नंबर पर आ गया है। कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित देशों की सूची में पहले नंबर पर अमेरिका, दूसरे नंबर पर ब्राजील और तीसरे नंबर पर भारत है। बुधवार को अमेरिका में 62,283, ब्राजील में 82,869 और भारत में 1,15,736 नए केस दर्ज किए गए हैं। भारत दुनिया का इकलौता देश है, जहां अभी एक दिन में 1 लाख से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं।
बता दें कि,'' देश में कोरोनावायरस की दूसरी लहर के कहर के बीच अब दिल्ली में भी नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है| दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने मंगलवार रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया। ये कर्फ्यू 30 अप्रैल तक लागू रहेगा।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता चिन्मय बिस्वाल ने कहा था कि,''DDMA ने कोरोना की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू का आदेश दिया है। दिल्ली पुलिस इसे सख्ती से लागू करेगी। सभी संबंधितों को आदेश में दिए गए प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन करना होगा| दिल्ली पुलिस ने आवश्यक सेवाओं और वस्तुओं के लिए लगे व्यक्तियों के लिए पहले भी पास जारी किए थे। मांग पर नए सिरे से मूवमेंट पास फिर से जारी किए जाएंगे। इसके लिए आवेदन करने के लिए दिल्ली पुलिस की वेबसाइट पर भी जा सकते हैं|