नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। किरण रेड्डी ने 12 मार्च को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना इस्तीफा भेजा था।
किरण कुमार ने 2014 में तत्कालीन यूपीए सरकार के आंध्र प्रदेश को विभाजित करने और तेलंगाना को अलग करने के फैसले के विरोध में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया था।
इस्तीफे के बाद उन्होंने अपनी पार्टी ‘जय समैक्य आंध्र’ बनाई थी और 2014 के चुनाव में कुछ प्रत्याशियों को मैदान में उतारा भी था। हालांकि, पूर्व सीएम 2018 में फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
कांग्रेस में दोबारा शामिल होने के 5 साल बाद 12 मार्च 2023 को एन किरण कुमार रेड्डी ने एक बार फिर पार्टी छोड़ी। किरण के कांग्रेस छोड़ने के दौरान ही उनके बीजेपी में शामिल होने की संभावना जताई गई थी। जब रेड्डी दोबारा कांग्रेस में लौटे थे तब उन्हें उम्मीद थी कि संगठन में उन्हें कोई बड़ी भूमिका दी जाएगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
बता दें कि आंध्र प्रदेश विभाजन का कांग्रेस को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। आंध्र प्रदेश से अलग तेलंगाना राज्य बनाने के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी छोड़ दी थी। 2014 के बाद से कांग्रेस आंध्र प्रदेश में एक भी लोकसभा या विधानसभा सीट नहीं जीत पाई है।