नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को इंडिया-यूके अचीवर्स ऑनर्स (India-UK Achievers Honors) द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को आर्थिक और राजनीतिक जीवन में उनके अतुल्य योगदान के लिए लंदन में इंडिया-यूके अचीवर्स ऑनर्स की तरफ से लाइफटाइम अचीवमेंट ऑनर से सम्मानित किया गया है। पिछले सप्ताह लंदन में एक समारोह में इस पुरस्कार की घोषणा की गई थी।
हालांकि इस अवॉर्ड को लेने के लिए स्वास्थ्य कारणों से 90 वर्षीय अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह ब्रिटेन नहीं पहुंचे | उन्हें यह अवार्ड राष्ट्रीय भारतीय छात्र और पूर्व छात्र संघ (NISAU) यूके द्वारा दिल्ली में सौंपा जाएगा|
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को बधाई दी है | कांग्रेस ने ट्वीट किया,''पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को लंदन में इंडिया-यूके अचीवर्स ऑनर्स द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। आर्थिक और राजनीतिक जीवन में उनके अतुल्य योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया है। कांग्रेस परिवार की ओर से डॉ. मनमोहन सिंह जी को बहुत-बहुत बधाई|
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. सिंह ने एक संदेश में कहा कि वह इस सम्मान से बहुत प्रभावित हुए हैं। यह विशेष रूप से उन युवाओं की तरफ से दिया जा रहा है जो हमारे देश का भविष्य हैं। साथ ही भारत और ब्रिटेन दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करते हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि भारत-ब्रिटेन संबंध विशेष रूप से हमारी शैक्षिक साझेदारी से परिभाषित होते हैं। हमारे राष्ट्र निर्माताओं महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, डॉ. बीआर अंबेडकर, सरदार पटेल और कई अन्य लोगों ने ब्रिटेन में पढ़ाई की और आगे चलकर महान नेता बने। और एक ऐसी विरासत छोड़ गए जो भारत और दुनिया को प्रेरित करती रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों से अनगिनत भारतीय छात्रों को ब्रिटेन में पढ़ाई करने का अवसर मिला है।