नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस का संक्रमण काबू में आने का नाम नहीं ले रहा है| देश में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में तेजी बरकरार है| पिछले 24 घंटे में COVID-19 के 97,570 नए केस सामने आए| 12 सितम्बर की सुबह तक देश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 46 लाख 60 हजार के करीब पहुँच गया है|
भारत में पिछले 24 घंटे में COVID-19 के 97,570 नए मामलों के साथ देश में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 46,59,985 हो गई| देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के कारण 1,201 लोगों की मौत के बाद कुल मरने वालों की संख्या 77,472 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, 'भारत में पिछले 24 घंटों में COVID19 के 97,570 नए मामले सामने आए और 1,201 मौतें हुई हैं। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 46,59,985 हो गई है जिसमें 9,58,316 सक्रिय मामले, 36,24,197 ठीक / डिस्चार्ज / माइग्रेट और 77,472 मौतें शामिल हैं|
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद(ICMR) के मुताबिक,''11 सितंबर तक कोरोना वायरस के लिए कुल 5,51,89,226 सैंपल टेस्ट किए गए, जिनमें से 10,91,251 सैंपल कल टेस्ट किए गए: भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद(ICMR)
भारत समेत दुनियाभर के 180 से ज्यादा देशों में कोरोनावायरस का खौफ देखने को मिल रहा है| जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार, वैश्विक स्तर पर कोरोनावायरस मामलों की कुल संख्या 2.83 करोड़ के पार हो गई है, वहीं इससे होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर 913,000 हो गई हैं।