लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोरोना किट घोटाले को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर करारा हमला बोला है| शुक्रवार को प्रियंका गांधी ने कहा कि,''पहले घोटाला, फिर सख्ती का नाटक और फिर घोटाला दबाना...अजीब दास्ताँ है ये, कहाँ शुरू कहाँ खत्म.. उन्होंने कहा कि,''PPE किट घोटाला, 69K घोटाला, बिजली घोटाला..पहले घोटाला, फिर सख्ती का नाटक|
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा,''न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक उप्र में कोरोना किट खरीदी में घोटाला हुआ है। क्या पंचायत चुनावों के साल में जिले-जिले वसूली केंद्र बना दिए गए हैं..? PPE किट घोटाला, 69K घोटाला, बिजली घोटाला.. पहले घोटाला, फिर सख्ती का नाटक और फिर घोटाला दबाना...अजीब दास्ताँ है ये, कहाँ शुरू कहाँ खत्म..
बता दें कि,''उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और सुलतानपुर के साथ अन्य जिलों में बाजार से अधिक कीमत पर पल्स ऑक्सीमीटर व इन्फ्रारेड थर्मामीटर खरीदने की जांच एसआइटी करेगी| 10 सितंबर को मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले में एसआइटी का गठन किया है। भ्रष्टाचार करने वालों की जांच करने के लिए स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम का गठन किया गया है। शासन ने अपर मुख्य सचिव राजस्व की अध्यक्षता में एसआइटी गठित कर दी है।
शासन द्वारा यह SIT अपर मुख्य सचिव, राजस्व विभाग, रेणुका कुमार की अध्यक्षता में गठित की गई है। सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग अमित गुप्ता जी तथा सचिव नगर विकास एवं एम.डी. जल निगम विकास गोठलवाल जी को इस SIT का सदस्य नामित किया गया है।एस.आई.टी. पूरे प्रकरण की जांच कर 10 दिन में अपनी आख्या शासन को प्रस्तुत करेगी।
बयान के मुताबिक शासन ने कोविड-19 की रोकथाम हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत में पल्स ऑक्सीमीटर, इन्फ्रारेड थर्मामीटर तथा सेनेटाइजर का एक सेट राज्य वित्त आयोग की धनराशि से खरीदे किए जाने के निर्देश दिए थे। सुल्तानपुर और गाजीपुर के साथ कुछ अन्य जिलों में कुछ ग्राम पंचायतों में बाजार मूल्य से अधिक इन उपकरणों को खरीदे जाने की जानकारी शासन को प्राप्त हुई थी।