नई दिल्ली: हरियाणा के निष्कासित कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। दोनों नेताओं से मिलने की जानकारी कुलदीप बिश्नोई ने खुद ट्वीट कर साझा की है|
कुलदीप बिश्नोई ने कहा,''अमित शाह से मिलना एक वास्तविक सम्मान और खुशी की बात थी। एक सच्चे राजनेता, मैंने उनके साथ बातचीत में उनकी आभा और करिश्मा को महसूस किया। भारत के लिए उनका दृष्टिकोण विस्मयकारी है। “अपनी जुबान के लिए सरे-राह हो जाना, बहुत कठिन है, अमित शाह हो जाना...”
जेपी नड्डा के साथ तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, " 'मैं जे.पी. नड्डा से मिलकर अति गर्वित हुआ। उनका सहज और विनम्र स्वभाव उन्हें औरों से मिलों अलग दिखाता है। उनकी सक्षम अध्यक्षता में, BJP ने अभूतपूर्व ऊंचाइयों को देखा है।मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।
कुलदीप बिश्नोई पार्टी के सभी पदों से बर्खास्त
बता दें कि, 11 जून 2022 को कांग्रेस ने पार्टी विधायक कुलदीप बिश्नोई को पार्टी के सभी मौज़ूदा पदों से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया था। कुलदीप बिश्नोई ने इससे पहले हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी। हरियाणा में कांग्रेस के 31 विधायक होने के बावजूद पार्टी उम्मीदवार अजय माकन को हार का सामना करना पड़ा था|