नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले की जांच में फिर शामिल होने के लिए कल 21 जून को तलब किया है| आज, सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से करीब 10 घंटे पूछताछ की गई।केस में पूछताछ के लिए राहुल गांधी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को फिर बुलाया है। इसी मामले में ED कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से 23 जून को सवाल करेगी।
इससे पहले राहुल गांधी से लगातार सोमवार, मंगलवार और बुधवार को ED ने सवाल किए। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ED की टीम अब तक 4 दिन में 40 घंटे की पूछताछ कर चुकी है।
वही, आज, सोमवार को अग्निपथ योजना और ED द्वारा राहुल गांधी को समन जारी करने के विरोध में जंतर मंतर पर कांग्रेस ने 'सत्याग्रह' किया। जंतर मंतर पर सत्याग्रह में मल्लिकार्जुन खड़गे, सलमान खुर्शीद, के सुरेश, वी नारायणसामी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
दिल्ली में जंतर मंतर पर राजस्थान CM अशोक गहलोत ने कहा कि,''हमारी ये विचारधारा की लड़ाई है। हमारी BJP और मोदी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। वो हमें दुश्मन मानते हैं। कांग्रेस मुक्त भारत बनाना चाहते हैं। आप लोगों के बाप-दादा आ जाएंगे तो भी ये कांग्रेस मुक्त भारत नहीं बनने वाला है|
अग्निपथ योजना को लेकर दिल्ली में जंतर मंतर पर छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने कहा कि,''आज नौजवानों का भविष्य खतरे में है, देश की सीमाएं और हमारी सुरक्षा खतरे में है... वो कहते हैं कि आओ(अग्निवीर) और भरी जवानी में जब रिटायर हो जाओगे तो हमारे यहां चौकीदारी करना। ये सबको चौकीदार बनाना चाहते हैं|
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि,''जिस तरह से हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन की भी इजाजत नहीं मिल रही है, इससे दुर्भाग्यपूर्ण बात नहीं हो सकती। हमारी मांग है कि अग्निपथ योजना वापस हो और जांच एजेंसियों का दुरूपयोग बंद हो|
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि,''हम चाहते हैं कि देश के नौजवानों के साथ खिलवाड़ ना हो। क्यों लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है? आप बोल दो की हम सैलेरी और पेंशन नहीं दे सकते... आप हम सब को बुलाइए, हम आपको सुझाव देंगे क्योंकि ये फौज मोदी जी की नहीं बल्कि हिंदुस्तान की है|
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि,'क्या ये 46,000 युवकों को तैयार करके RSS में लाना चाहते हैं। क्या किसी देश में ऐसा हुआ है कि 4 साल ट्रेनिंग देकर उसके बाद उसे छोड़ देना। आप सिर्फ़ 4 साल तक ट्रेनिंग और उन्हें स्टाइपेंड देकर उन्हें चुनाव तक व्यस्त रखने के लिए यह काम कर रहे हैं|आप ऐसा इसलिए कर रहे हैं ताकि जो युवा महंगाई, बेरोजगारी के ख़िलाफ़ दूसरी जगहों पर विरोध कर रहे हैं, उनकी दिशा को भटकाया जाए|
कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि,''हम आज जंतर मंतर पर सत्याग्रह करेंगे। इसके अलावा शाम 5 बजे हम राष्ट्रपति से मिलेंगे और मांग करेंगे कि अग्निपथ योजना को वापस लिया जाए। इस योजना पर संसद में चर्चा होने के साथ युवाओं का भरोसा जितना चाहिए लेकिन उससे पहले इसे वापस लिया जाना चाहिए|