मुंबई: पात्रा चॉल भूमि घोटाला मामला में शिवसेना सांसद संजय राउत की न्यायिक हिरासत सोमवार को 14 दिनों के लिए बढ़ा दी गई है। उनकी जमानत याचिका पर अब बुधवार, 21 सितंबर को सुनवाई होगी। कोर्ट के निर्देश के बाद प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने संजय राउत को चार्जशीट की कॉपी सौंपी।
17 सितंबर को ईडी ने संजय राउत की जमानत अर्जी का विरोध करते हुए कहा था कि उन्होंने पात्रा चॉल घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अहम भूमिका निभाई है और पर्दे के पीछे से काम किया है.
पात्रा चॉल भूमि घोटाला मामले में शिवसेना सांसद संजय राउत की जमानत अर्जी पर ED ने जवाब दाखिल किया था, जिसमें जमानत का विरोध किया गया था। संजय राउत ने मुंबई की विशेष पीएमएलए कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दाखिल की थी, जिस पर ED ने जवाब दाखिल किया था।
बता दें कि,60 वर्षीय राउत को प्रवर्तन निदेशालय ने 31 जुलाई को उनके मुंबई स्थित आवास पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया था और पूछताछ की गई थी। केंद्रीय एजेंसी ने 6 अगस्त को उनकी पत्नी वर्षा राउत से भी पूछताछ की थी, जब उनके खिलाफ समन जारी किया गया था।
ईडी ने राउत के घर पर 31 जुलाई सुबह-सुबह छापा मारा था। करीब आठ घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया था, इसके बाद देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।