नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 'परीक्षा पे चर्चा' के दौरान 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों से बात कर रहे हैं। प्रधानमंत्री करीब 1 हजार छात्रों से सीधी बात कर रहे हैं। नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में परीक्षा पे चर्चा' के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि,''जितना आइपैड, मोबाइल फोन के अंदर घुसने में आनंद आता है, उससे हज़ार गुना आनंद अपने भीतर घुसने का होता है। दिन भर में कुछ पल ऐसे निकालिए, जब आप ऑनलाइन भी नहीं होंगे, ऑफलाइन भी नहीं होंगे बल्कि इनरलाइन होंगे। जितना अपने अंदर जाएंगे, आप अपनी ऊर्जा को अनुभव करेंगे|
छात्रों के साथ 'परीक्षा पे चर्चा' के दौरान प्रधानमंत्री कहा कि,''आज हम डिजिटल गैजेट के माध्यम से बड़ी आसानी से और व्यापक रूप से चीजों को प्राप्त कर सकते हैं। हमें इसे एक अवसर मानना चाहिए, न कि समस्या। हमें कोशिश करनी चाहिए कि ऑनलाइन पढ़ाई को एक रिवॉर्ड के रूप में अपने टाइमटेबल में रख सकते हैं|
प्रधानमंत्री ने कहा कि,''''ऑनलाइन पाने के लिए है और ऑफलाइन बनने के लिए है। मुझे कितना ज्ञान अर्जित करना है मैं अपने मोबाइल फोन पर ले आऊंगा, जो मैंने वहां पाया है ऑफलाइन में मैं उसे पनपने का अवसर दूंगा। ऑनलाइन का अपना आधार मजबूत करने के लिए उपयोग करें और ऑफलाइन में जाकर उसे साकार करना है|