नई दिल्ली: मशहूर चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ मुलाकात की| चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। बाद में प्रशांत किशोर ने प्रियंका गांधी से मुलाकात की|
माना जा रहा है कि पंजाब कांग्रेस में कलह के मुद्दे पर यह भेंट हंई है| उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, मणिपुर और गुजरात में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। पंजाब में कांग्रेस की सरकार है। जबकि बाकी जगह पर वह अपनी खोई जमीन पाने की कोशिश करेगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रशांत के साथ मीटिंग के इसलिए भी काफी मायने हैं क्योंकि पंजाब के साथ उत्तर प्रदेश में अगले साल चुनाव होने हैं। यह बैठक ऐसे समय हुई है जब प्रियंका गांधी ने सोमवार को यूपी कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात की थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब कांग्रेस के दो प्रमुख नेताओं, सीएम अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच चल रही कलह को लेकर यह चर्चा हुई है| हालांकि आज सिद्धू ने अपने एक ट्वीट से आम आदमी पार्टी में शामिल होने के संकेत दिए हैं। लिहाजा पार्टी हर तरह से यह आकलन कर रही है कि पार्टी में रहने या नहीं रहने से कांग्रेस को किस तरह का सियासी नुकसान या फायदा हो सकता है।
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की| राहुल गांधी और प्रशांत किशोर की मुलाकात पर हरीश रावत ने कहा, 'राहुल गांधी एक राष्ट्रीय नेता हैं, उनसे कई तरह के लोग मिलते हैं और अपनी बात करते हैं। इसका ये मतलब नहीं है कि प्रशांत किशोर यहां पंजाब के विषय में बात करने के लिए आए|साथ ही उन्होंने कहा, 'अगले तीन चार दिन में पंजाब मुद्दे का समाधान हो जाएगा|