नई दिल्ली: चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर (PK) कांग्रेस में शामिल नहीं होंगे| लम्बी चर्चाओं और स्पेशल कमेटी की रिपोर्ट के बाद कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने साफ कर दिया है कि प्रशांत किशोर (PK) अब कांग्रेस का हिस्सा नहीं बनेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि,'कांग्रेस अध्यक्ष ने एक एम्पावर्ड एक्शन ग्रुप 2024 का गठन किया और प्रशांत किशोर को जिम्मेदारी देते हुए ग्रुप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। लेकिन, उन्होंने मना कर दिया।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया कि,''प्रशांत किशोर के साथ एक प्रस्तुति और चर्चा के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने एक इंपावर्ड एक्शन ग्रुप 2024 का गठन किया है और उन्हें समूह का हिस्से बनने और पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। लेकिन उन्होंने(प्रशांत किशोर) ऐसा करने से मना कर दिया है| हम पार्टी को दिए गए उनके प्रयासों और सुझावों की सराहना करते हैं।
कांग्रेस ने कल ही बनाई थी 6 कमेटियां
कांग्रेस ने 13 से 15 मई तक उदयपुर में होने वाले चिंतन शिविर में किसान और कृषि, बेरोजगारी, संगठनात्मक मामले, सामाजिक अधिकारिता, आर्थिक स्थिति और राजनीतिक मामलों सहित छ: एजेंडा पर चर्चा के लिए छ: अलग-अलग समितियों का गठन किया है। इसके अलावा, सोमवार को कांग्रेस ने घोषणा की आगे की राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए एक 'एम्पावर्ड एक्शन ग्रुप-2024' का गठन किया जाएगा।
कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला ने सोमवार को कहा था कि 2024 लोकसभा चुनाव में क्या नीति रहेगी, इसका फैसला एम्पावर्ड एक्शन ग्रुप ही करेगा। 10 जनपथ में हुई बैठक में कांग्रेस ने भविष्य को लेकर बड़ा फैसला लिया गया, जिसके तहत कांग्रेस ने 6 नई कमेटियां बनाई गईं।
इन सभी 6 कमेटियों के अलग-अलग संयोजक के तौर पर मल्लिकार्जुन खड़गे, सलमान खुर्शीद, पी चिदंबरम, मुकुल वासनिक, भूपिंदर सिंह हुड्डा और अमरिंदर सिंह वारिंग काम करेंगे।
कमेटी ने सौंपी थी किशोर की एंट्री पर रिपोर्ट
सोनिया गांधी ने प्रशांत की प्रेजेंटेशन और उनके पार्टी में शामिल होने पर विचार करने के लिए कांग्रेस नेताओं की समिति का गठन किया था। इस कमेटी ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपनी रिपोर्ट सौंपी, प्रशांत (PK) पर फैसला लेने के लिए कमेटी के सदस्य केसी वेणुगोपाल, दिग्विजय सिंह, अंबिका सोनी, रणदीप सुरजेवाला, जयराम रमेश और प्रियंका गांधी 10 जनपथ गए थे।
कमेटी यह भी चाहती थी कि प्रशांत बाकी सभी राजनीतिक दलों से दूरी बना लें और पूरी तरह कांग्रेस के लिए समर्पित हो जाएं। प्रशांत किशोर ने सुझाव दिया था कि कांग्रेस, ममता बनर्जी की TMC और केसीआर की TRS जैसी रीजनल पार्टीज से गठबंधन कर ले।
600 पेज का प्रेजेंटेशन..
PK ने कांग्रेस को 600 पेज का प्रेजेंटेशन भी दिया था, जिसमें यह बताया गया था कि पार्टी को सत्ता में वापसी के लिए क्या करना होगा। हालांकि कांग्रेस के कई दिग्गजों ने पहले ही प्रशांत से किनारा कर लिया था। वे (PK) खुद हैदराबाद में 2 दिन तक तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर (KCR) के घर डेरा डाले हुए थे।