नई दिल्ली: जम्मू और कश्मीर के शोपियां में आतंकी हमले में कश्मीरी पंडित सुनील कुमार की हुई मौत पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को घेरा है| कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, " जम्मू-कश्मीर में आतंकियों द्वारा कश्मीरी पंडित भाई की हत्या की घटना निंदनीय है। प्रियंका गांधी ने कहा, "कश्मीरी पंडित बहनों-भाइयों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बंद होनी चाहिए। कई महीनों से कश्मीरी पंडित बहन-भाई अपनी सुरक्षा को लेकर आवाज उठा रहे हैं। सरकार को उनकी आवाज सुनकर ठोस कदम उठाने होंगे।
12 मई : कश्मीरी पंडित राहुल भट की हत्या
25 मई : टीवी कलाकार अमरीन भट की हत्या
31 मई : टीचर रजनी बाला की हत्या
मई-जून महीने में कुल 9 लोगों की हत्या
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, "आज फिर दो कश्मीरी पंडित भाइयों को गोली मारी गई। कश्मीर घाटी में साल 2022 में टारगेट किलिंग के 16 से ज्यादा हत्याकांड सामने आ चुके हैं।
कांग्रेस महासचिव ने कहा, "आतंकवादी लगातार घाटी में रहने वाले अल्पसंख्यकों, मासूम नागरिकों, महिलाओं, निहत्थे पुलिसकर्मियों और नेताओं को निशाना बना रहे हैं?
प्रियंका गांधी ने कहा, "कश्मीरी पंडितों के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा ने पिछले आठ साल में कश्मीरी पंडितों के लिए क्या किया? प्रोपेगैंडा फिल्म प्रमोशन करके पंडितों की पीड़ा और प्रताड़ना का सियासी इस्तेमाल ही भाजपा का सच है। टारगेट किलिंग के विरोध में करीब तीन महीने तक प्रदर्शन करने वाले कश्मीरी पंडित भी ये समझ चुके हैं कि भाजपा सिर्फ उनका इस्तेमाल कर रही है।
गौरतलब है कि,जम्मू और कश्मीर के शोपियां के छोटेपोरा इलाके में एक सेब के बाग में आतंकवादियों ने मंगलवार को एक स्थानीय कश्मीरी पंडित (45 वर्षीय सुनील कुमार) की हत्या कर दी और उसके भाई (पिंटू कुमार) को भी घायल कर दिया| दोनों भाई हैं और सेब के बाग में एक साथ काम करते थे।
घाटी में हुई टारगेट किलिंग
18 जून: पुलवामा में पुलिस के सब इंस्पेक्टर फारूक अहमद मीर की हत्या
2 जून: बडगाम में आतंकियों ने देर शाम दो गैर-कश्मीरी मजदूरों को बनाया निशाना, एक की मौत, एक घायल
2 जून: कुलगाम जिले में एक बैंक प्रबंधक की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
31 मई: कुलगाम के गोपालपोरा में हिंदू महिला शिक्षक रजनी बाला की हत्या
25 मई: बडगाम में घर पर टीवी कलाकार अमरीन भट की हत्या। उसका 10 वर्षीय भतीजा हाथ में गोली लगने से घायल।
24 मई: श्रीनगर में पुलिसकर्मी सैफुल्ला कादरी की हत्या। उसकी 7 साल की बेटी घायल
17 मई: बारामुला में शराब दुकान पर ग्रेनेड हमला, राजोरी के सेल्सैन रंजीत सिंह की मौत, तीन अन्य घायल
13 मई: पुलवामा के गडूरा गांव में निहत्थे पुलिसकर्मी रियाज अहमद की हत्या
12 मई: बडगाम में कश्मीरी पंडित कर्मचारी राहुल भट की चाडूरा तहसील कार्यालय में घुसकर हत्या हत्या कर दी।
7 मई : श्रीनगर में डॉ अली जान रोड पर आइवा ब्रिज के पास आतंकवादी हमले में पुलिस कांस्टेबल गुलाम हसन डार की मौत