नई दिल्ली: सीनियर सिटिज़न को रेल टिकट के किराए में मिलने वाली 50% छूट को बंद करने के बाद अब एक साल के बच्चों पर फूल रेल टिकट लगाने पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा,‘‘बुज़ुर्ग हों या बच्चे, भाजपा के लिए सब कमाई के साधन हैं.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘‘‘जब सरकार आपसे ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ मनवा रही थी, तभी पीछे से आईआरसीटीसी ने अपने टिकट बुकिंग नियमों को अपडेट कर दिया, जिसके तहत अब 1-5 साल की उम्र के बच्चों का भी फुल टिकट का किराया देना होगा।
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हाल ही में सरकार ने सीनियर सिटिज़न को रेल टिकट के किराए में मिलने वाली 50% छूट को हमेशा के लिए बंद करने की बात कही। सब जानते हैं कोरोना काल में बुर्जुर्गों को मिलने वाली उस रियायत को सरकार ने बंद कर दिया था।
राहुल गांधी ने कहा,‘‘कुछ वक़्त पहले, ट्रेनों में शिशु सीटों को जोड़ने का भी प्रचार किया जा रहा था लेकिन तब कोई ये नहीं जनता था कि ये जनता की सुविधा के लिए नहीं बल्कि सरकार की कमाई के लिए उठाया गया कदम था।
इसमें भी सरकार की कायरता देखिए, सामने आकर औपचारिक घोषणा करने तक की हिम्मत नहीं है, बेहद ख़ामोशी से नए टिकट नियम आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर पहले ही लागू कर दिए।
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मैं हमेशा कहता हूं, ये सरकार आपका ध्यान भटका कर आपसे वसूली का एक मौका नहीं छोड़ती है। भारतीय रेलवे को इस देश की रीढ़ माना जाता था, लाखों लोग रोज़ाना ट्रेनों का इस्तेमाल करते हैं, ये ग़रीब और मध्यम वर्ग के लिए यातायात का सबसे सस्ता साधन माना जाता था। लेकिन आज, रेलवे छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए भी जनता से वसूली कर रहा है, ऊपर से टिकट पर टैक्स अलग से।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा,‘‘ये सूट-बूट की सरकार है, ये 'मित्रों' की सरकार है, इसका आम जनता और उसकी परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। सच आपकी आंखों के सामने है।