नई दिल्ली: देश में बढ़ती बेरोजगारी पर मोदी सरकार पर हमला करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘‘बेरोज़गारी हटाओ, देश का भविष्य बचाओ, प्रधानमंत्री जी | राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मोदी सरकार की गलत नीतियां और युवाओं के प्रति उपेक्षा, देश में बेरोज़गारी की सुनामी ले आयी है। पढ़ा-लिखा युवा, हाथ में डिग्री लिए दर-बदर भटकने को मजबूर है। आज देश में 45 सालों में सबसे ज़्यादा बेरोज़गारी है।
उन्होंने कहा, ‘‘बेरोज़गार लोगों के पंजीकरण की संख्या पहले से दोगुनी हो गयी है। सालों से देश की सेवा करने, और सेना में भर्ती होने का सपना लिए युवाओं को अब 4 साल के ठेके पर 'अग्निवीर' बनने पर मजबूर किया जा रहा है। केंद्र सरकार में खाली पड़े पदों को भरा नहीं जा रहा, प्राइवेट सेक्टर में भी रोज़गार नहीं मिल रहा। कुल मिला कर प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को निराशा की गर्त में डुबा दिया है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘‘भाजपा सरकार का कर्तव्य है कि युवाओं को रोज़गार मिले। सरकार को जुमलों पर नहीं, बेरोज़गारी ख़त्म करने पर ध्यान देना चाहिए। देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद कीजिए, प्रधानमंत्री जी।