नई दिल्ली: मास्क ठीक से नहीं पहनने चलते मध्य प्रदेश में एक शख्स की पुलिसवालों ने बेरहमी से पिटाई की| इंदौर में मास्क ठीक से नहीं पहनने को लेकर पुलिसवालों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश पुलिस और सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है। हालांकि, यह वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पुलिस आरक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया|
इस घटना को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी नाराजगी जाहिर की है| कांग्रेस नेता राहुल गांधी ट्वीट करते हुए इसे अमानवीयता करार दिया |राहुल गांधी ने इस घटना का वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा है कि इस अमानवीयता को देश कतई स्वीकार नहीं करेगा।
राहुल गांधी ने कहा- कोरोना नियमों को लागू करने की आड़ में इस तरह की शर्मनाक अमानवीयता देश को स्वीकार नहीं! सुरक्षा करने वाले पुलिसकर्मी ही अत्याचार करें तो जनता कहाँ जाये?
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के इंदौर में मास्क नहीं पहनने पर दो पुलिसकर्मियों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। दरअसल, कोविड-19 से बचाव के लिए कथित तौर पर मास्क नहीं लगाने को लेकर विवाद के बाद यहां परदेशीपुरा क्षेत्र में 35 वर्षीय व्यक्ति को दो पुलिस आरक्षक ने मंगलवार को सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीटा|
बताया जा रहा है कि जिस वक्त की ये घटना है, उस समय ये शख्स अपने पिता को टिफिन देने के लिए अस्पताल जा रहा था और उस समय उसने मास्क लगाया हुआ था, लेकिन नाक से नीच कर रखा था। बस इसी को लेकर दोनों पुलिसवालों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो गया। वीडियो वायरल हो जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया है।
फिरोज गांधी नगर के रहने वाले 35 वर्षीय कृष्णा कुंजीर के रूप में हुई है। कृष्णा पेशे से ऑटो चालक हैं और मंगलवार को अपने पिता को टिफिन देने अस्पताल जा रहा था। कृष्णा ने बताया उस समय उसने मास्क लगाया हुआ था, लेकिन नाक के थोड़ा नीचे था। इस पर दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे थाने ले जाने की बात कही, लेकिन कृष्णा ने इसका विरोध किया। बस इसी के बाद कमल प्रजापत व धर्मेंद्र जाट ने मारपीट शुरू कर दी और मारपीट भी इतनी बुरी तरह हुई कि जिसने भी वीडियो को देखा बस गुस्से से उबल पड़ा।