नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ED) बुधवार को तीसरे दिन और लगातार दूसरे दिन पूछताछ कर रही है। इस बीच प्रेस वार्ता कर राजस्थान के मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है| उन्होंने कहा, ‘‘पहले राहुल गांधी को बुलाया गया... 5 दिन तक लगातार पूछताछ की गई अब सोनिया गांधी को बुलाया गया। देश के अंदर जो ED का आतंक है इसका फैसला जल्द होना चाहिए। हम चाहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले में जल्द फैसला करे|
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि , ‘‘ED का जो तमाशा हो रहा है देश के अंदर, पहले राहुल गांधी जी को बुलाया और आज तीसरे दिन सोनिया जी को बुलाया है। ED का आतंक है देश के अंदर और ये जो आतंक मचा रखा है इसका फैसला जल्दी होना चाहिए | उन्होंने कहा, ‘‘इनका अलग ही तरीका है, तफ्तीश करने का भी, अरेस्ट करने का भी, बयान लेने का भी। इनको एक तरह से CBI से ज्यादा पॉवर मिली हुई है|
ED का उपयोग सरकारें गिराने के लिए किया जा रहा है। ED सरकारें गिराने का काम कर सकती है, लेकिन मंत्रिमंडल बनाने का काम नहीं कर सकती |
अशोक गहलोत ने कहा कि , ‘‘लोकतंत्र किस दिशा में जा रहा है आप सोच सकते हैं, इस रूप में आज महंगाई और बेरोजगारी की जो स्थिति है देश के अंदर उसको लेकर पूरा देश चिंतित है। इन मुद्दों पर संसद के अंदर बहस करने नहीं दिया जाता | महंगाई और बेरोजगारी शुरू से ही हमारा मुद्दा है। जयपुर में महंगाई के खिलाफ हमने बड़ा सम्मेलन किया, मीडिया ने कितना दिखाया? ...मीडिया दबाव में है। मीडिया के मालिक बहुत घबराए हुए हैं। कब ED पहुंच जाए, कब इनकम टैक्स पहुंच जाए, यह स्थिति है देश के अंदर |