नई दिल्ली : रूस का यूक्रेन पर हमला लगातार 6वें दिन भी जारी है। रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग बढ़ती ही जा रही है। इस बीच ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने का मिशन जारी है। इसी सिलसिले में एअर इंडिया की 7वीं फ्लाइट 182 भारतीयों को लेकर मुंबई पहुंच गई है। इस बीच यूक्रेन की राजधानी कीव में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने भारतीयों को आज तत्काल कीव छोड़ने की सलाह दी।
यूक्रेन में जारी जंग के बीच भारत ने वहां फंसे अपने नागरिकों के लिए नयी एडवायजरी जारी की है। इसमें भारत ने अपने नागरिकों को आज की यूक्रेन की राजधानी कीव को तत्काल छोड़ने की सलाह दी है। भारतीय दूतावास की ओर से ट्वीट कर ये कहा गया है।
भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, 'छात्रों सहित सभी भारतीय नागरिकों को आज तत्काल कीव छोड़ने की सलाह दी जाती है। किसी भी तरह उपलब्ध ट्रेनों द्वारा या उपलब्ध किसी अन्य माध्यम से।'
वही UNGA के 11वें आपातकालीन सत्र में यूक्रेन पर UN में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी. एस. तिरुमूर्ति ने कहा कि ,''विवादों का शांतिपूर्ण समाधान भारत की सतत स्थिति रही है। भारत सरकार का मानना है कि कूटनीति के रास्ते पर लौटने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है|
तिरुमूर्ति ने कहा कि,''भारत यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की तत्काल निकासी के प्रयास करने के लिए जो कुछ भी कर सकता है वह कर रहा है... इस महत्वपूर्ण मानवीय आवश्यकता को तुरंत संबोधित किया जाना चाहिए| टी. एस. तिरुमूर्ति ने कहा कि ,'मैं यूक्रेन के सभी पड़ोसी देशों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने हमारे नागरिकों के लिए अपनी सीमाएं खोली और कर्मियों को सुविधाएं दी। हम अपने पड़ोसी और विकासशील देशों के फंसे लोगों की मदद के लिए तैयार हैं