Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध का आज 12वां दिन है। 12वें दिन रूस ने यूक्रेन के कई शहरों में हमले तेज कर दिए हैं। खारकीव में कई रिहायशी इलाकों पर भी हमला किया गया है। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से फोन पर बात की। फोन कॉल लगभग 35 मिनट तक चली। । इस दौरान पीएम मोदी ने यूक्रेन से भारतीयों को सही सलामत निकालने के लिए जेलेंस्की का शुक्रिया जताया। उन्होंने यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतीयों को निकालने के अभियान पर बात की।
भारत सरकार के सूत्रों ने बताया,'' दोनों नेताओं ने यूक्रेन में स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी सीधी बातचीत की सराहना की| प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने में यूक्रेन सरकार द्वारा दी गई सहायता के लिए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने सूमी से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए जारी प्रयासों में यूक्रेन सरकार से निरंतर समर्थन मांगा| गौरतलब है कि फिलहाल 500 से ज्यादा भारतीय सूमी में फंसे हैं।
गौरतलब है, रूस और यूक्रेन के बीच दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल आज तीसरी बार वार्ता करेंगे। इससे पहले हुई वार्ता में सुरक्षित कॉरिडोर पर सहमति बनी थी। आज होने वाली बातचीत में युद्ध विराम पर चर्चा हो सकती है। वार्ता से पहले रूस की ओर से यूक्रेन के चार शहरों में फिर से सीजफायर का एलान किया गया है।
इससे पहले दोनों नेताओं के बीच 26 फरवरी को भी हुई थी बात
इससे पहले 26 फरवरी को भी युद्ध संकट को लेकर यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की और पीएम मोदी के बीच बातचीत हुई थी। जेलेंस्की ने इस दौरान भारत के राजनीतिक समर्थन की मांग की थी। उस समय यूक्रेन के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को यूक्रेन में जारी संघर्ष की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी थी। प्रधानमंत्री ने जारी संघर्ष के कारण जान-माल के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की थी।
पीएम मोदी हिंसा की तत्काल समाप्ति और बातचीत के लिए अपने आह्वान को दोहराया और शांति प्रयासों के लिए हर तरह से योगदान करने की भारत की इच्छा व्यक्त की थी। प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में मौजूद छात्रों सहित भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए भारत की गहरी चिंता से भी उन्हें (यूक्रेन के राष्ट्रपति) अवगत कराया था। उन्होंने भारतीय नागरिकों को तेजी से सुरक्षित निकालने के लिए यूक्रेन के अधिकारियों द्वारा सुविधा प्रदान करने की मांग भी की थी।
पीएम मोदी रूसी राष्ट्रपति पुतिन से भी करेंगे बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 1.30 बजे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात करेंगे। बातचीत के दौरान पीएम मोदी, पुतिन के सामने युद्ध संकट को टालने और भारतीय छात्रों की निकासी का मुद्दा रखेंगे।
यूक्रेन के चार शहरों में रूस ने किया सीजफायर का एलान
रूस-यूक्रेन के बीच तीसरे दौर की बातचीत से पहले रूस की ओर से बड़ा एलान किया गया है। खबरों के मुताबिक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रो के मानवीय कॉरिडोर के अनुरोध पर पुतिन ने भारतीय समयानुसार सोमवार दोपहर 12:30 मिनट से सीजफायर की घोषणा की है। इस दौरान युद्ध में फंसे आम लोगों को निकालने के लिए मानवीय कॉरिडोर बनाया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, कीव, खारकीव, मारियुपोल और सूमी में सीजफायर रहेगा।