नई दिल्ली: बिहार मंत्री तेज प्रताप यादव द्वारा RJD के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक पर लगाए गए आरोप पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि,''श्याम रजक हमसे मिलकर गए हैं, कोई दिक्कत नहीं है। कभी-कभी कंफ्यूजन हो जाता है, कंफ्यूजन था जो कि दूर कर लिया गया है|
दरअसल, नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारणी की दो दिन की बैठक हो रही है| रविवार को बैठक का पहला दिन था,मीटिंग के पहले दिन राजद के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक पर गाली देने का आरोप लगाते हुए RJD नेता और बिहार मंत्री तेज प्रताप यादव बैठक से नाराज होकर निकल गए थे| साथ ही उन्होंने श्याम रजक पर 'भाजपा और आरएसएस का एजेंट' होने का आरोप लगाया था|
RJD नेता और बिहार मंत्री तेज प्रताप यादव ने कहा था कि,“मैंने कार्यक्रम के बारे में पूछा तो श्याम राजक (RJD के राष्ट्रीय महासचिव) ने मुझे, मेरे निजी सहायक और मेरी बहन को अपशब्द बोले हैं। हमारे पास वो ऑडियो भी है हम उसे अपने पेज पर पोस्ट करेंगे। ऐसे भाजपा और RSS को संगठन से बाहर निकालना चाहिए|
तेज प्रताप यादव के आरोपों पर RJD नेता श्याम रजक ने कहा कि,“ मैं एक बात कहना चाहता हूं कि 'समरथ के होत ना कोई दोष गोसाई' जो सामर्थ्यवान व्यक्ति होता है उसको कुछ भी कहने का अधिकार है। मैं दलित समाज से हूं। दलित बंधुआ मजदूर होता है, मैं बंधुआ मजदूर हूं। वे जो भी कह रहे हैं सामर्थ्य के आधार पर कह रहे हैं|