नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद डॉक्टर शांतनु सेन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ओर से भारत का गलत नक्शा पेश किए जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिकायत की है। टीएमसी सांसद डॉ. शांतनु सेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा, "डब्ल्यूएचओ(WHO) कोविड 19 की साइट पर दुनिया के नक्शे में जम्मू-कश्मीर को चीन और पाकिस्तान के हिस्से के तौर पर दिखाया जा रहा है।"
शांतनु सेन ने कहा है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की वेबसाइट WHO Covid19.int पर जो विश्व का नक्शा दिखाया गया है, उस पर जब जूम किया गया, तो पूरे भारत को तो नीले रंग में दिखाया गया। लेकिन जम्मू-कश्मीर के लिए दो अलग-अलग रंग इस्तेमाल किए गए।
उन्होंने कहा, "जब मैंने नीले हिस्से पर क्लिक किया, तो हमारे देश का कोरोना से जुड़े डेटा दिखाई दिया। लेकिन जब जम्मू-कश्मीर के इन अलग रंग वाले हिस्सों पर क्लिक किया, तो बड़े हिस्से पर पाकिस्तान का डेटा और छोटे हिस्से पर चीन का डेटा दिखाई दिया। इसके अलावा भारत के नक्शे में अरुणाचल प्रदेश को भी अलग से दिखाया गया है।"
टीएमसी सांसद ने चिट्ठी में कहा, "मुझे लगता है कि यह एक गंभीर अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है और हमारी सरकार को इसे जांच कर पहले ही मुद्दे को उठाना चाहिए था और इसे लेकर चौकसी रखनी चाहिए थी। एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा वाले संगठन की वेबसाइट में इस तरह का फीचर हमारे देश के नागरिकों के लिए काफी दुख पहुंचाने वाला है। इसे तुरंत ठीक कराया जाना चाहिए और भारत के लोगों को बताना चाहिए कि कब से इतनी गंभीर गलतियों को नहीं देखा जा रहा।"