जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में ज्वेलरी शॉप में हुई 11 किलो सोने की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है| पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है| पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलो 252 ग्राम 070 मिली ग्राम एवं घटना में प्रयुक्त कटर, इनोवा (MP20 BA1255), मोटर साइकिल (MP20 MA 3410) जब्त किये हैं|
जबलपुर पुलिस अधीक्षक उमेश जोगा ने बताया,''ज्वेलरी दुकान के मालिक ने बताया कि 11 किलो सोने की चोरी हुई है। जबलपुर में इससे पहले इतनी बड़ी चोरी कभी नहीं हुई थी। हमारी अलग-अलग टीमों ने बारीकी से विवेचना कर 3 आरोपियों को पकड़ा है और चोरी का सामान भी बरामद किया है|
गिरफ्तार आरोपी, गोपी उर्फ गुलाम मुस्तफा पिता अब्दुल रहमान उम्र 42 वर्ष निवासी म.न. 164 उत्तर मोतीनाला थाना गोहलपुर, बैजू उर्फ बैजुद्दीन पिता मोह. जुनैद उम्र 32 वर्ष निवासी पुरान पुल यूनानी दवाखाना के पास थाना गोहलपुर, आरिफ पिता मो. राजू उर्फ रज्जब उम्र 28 वर्ष निवासी नूरी नगर अजीज गंज पसियाना थाना गोहलपुर के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, गोपी उर्फ गुलाम मुस्तफा वाहन खरीदी बिक्री के साथ इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने का छोटा सा कारखाना चलाता था, जो कि लॉकडाउन में घाटे के चलते बंद हो गया। उसने एक इनोवा कार भी फाइनेंस करा रखी थी, जिसकी किस्त नहीं चुका पा रहा था। कर्जदार उसे लगातार परेशान करने लगे| कर्ज से छुटकारा पाने के लिए गोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर गोल्ड शोरूम में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था|