जयपुर: राजस्थान में राज्यसभा की चार सीटों के लिए चुनाव होने हैं। राज्यसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को पत्र लिखकर मांग की है कि छ: विधायक जो BSP पार्टी के चुनाव चिन्ह पर जीते लेकिन बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए, उन्हें राज्यसभा चुनाव में मतदान पर रोक लगाना चाहिए।
प्रदेश के राज्यपाल और राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष को बहुजन समाज पार्टी की तरफ से लिखी गई चिट्ठी में कहा है कि,'' बहुजन समाज पार्टी के सिम्बल पर 2018 विधानसभा चुनाव मे 6 विधायक चुनाव जीतकर आये थे उन्होने असवैधानिक तरीके से बसपा का विलय कांग्रेस मे कर दिया था जो कि पुरी तरह सविधान के विरुद्द है|
इन 6 विधायको ने सरेआम दलबदल विरोधी विधेयक का उल्लंघन किया था. इन 6 विधायको मे श्री राजेंद्र गुढा, लाखन सिह, दीपचंद खेरिया, संदीप यादव, श्री जोगेंद्र सिह अवाना व वाजिब अली के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट मे दलबदल विरोधी कानून के तहत मामला चल रहा है और शीघ्र ही उसका फैसला होने वाला है.
बसपा ने कहा है कि,''अत: आपसे अनुरोध है कि इन 6 विधायको को राज्य सभा चुनाव मे वोट डालने से रोका जाये क्योकि पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि बसपा राज्य सभा चुनाव 2022 मे किसी भी दल या निर्दलीय का समर्थन नही करेगी.
बता दें कि राज्यसभा की चार सीटों पर चुनाव 10 जून को होगा। कांग्रेस ने तीन उम्मीदवार और भाजपा ने 2 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारा है|सुभाष चंद्रा ने भाजपा के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।