जालंधर: पंजाब के जालंधर जिले में मल्लियां इलाके में कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी| मल्लियां इलाके में शाम करीब 6.15 बजे यहा कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान खूनी खेला गया। कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान चार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया| अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया को गोली लगने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई| हमलावर सफेद रंग की स्विफ्ट में सवार होकर गिलान गांव की ओर भाग गए। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गया है|
जालंधर के एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया,''चल रहे मैच के दौरान कार में सवार चार लोगों ने उन्हें (संदीप नंगल अंबिया) गोली मार दी। एफआईआर दर्ज कर ली गई है, हम जांच कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद और जानकारी दी जा सकती है|
जानकारी के मुताबिक मल्लियां में एक बड़ा टूर्नामेंट चल रहा था। इसी दौरान चार-पांच नकाबपोश बदमाशों ने घात लगाकर संदीप नंगल अंबिया पर गोलियां बरसा दीं। हमले में 1-2 युवक के पैर में भी गोली लगी है। बताया जा रहा,''मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संदीप नंगल अंबियां अपनी कार की ओर जा रहे थे, तभी उन पर बदमाशों ने हमला कर दिया, उन्हें कई सारी गोलियां लगीं| यह देख दर्शकों के बीच भगदड़ मच गई|
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोग आनन-फानन में घायल खिलाड़ी को एक चार पहिया वाहन में रखकर अस्पताल ले गए| हालांकि, ज्यादा खून बह जाने से घायल की रास्ते में ही मौत हो गई|
पुलिस को मौके से मिले 12 खाली कारतूस
घटना की सूचना मिलते ही नकोदर के डीएसपी लखविंदर सिंह मल्ल व सदर नकोदर थाने के एसएचओ परमिंदर सिंह व उग्गी थाने के एसआई बलजिंदर सिंह मौके पर पहुंचे। एसएचओ परमिंदर सिंह ने कहा कि हमलावरों का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा। पुलिस ने मौके से करीब बारह खाली कारतूस बरामद किए हैं। टूर्नामेंट के आयोजकों और कस्बे के निवासियों ने घटना की कड़ी निंदा की है और पुलिस प्रशासन से हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।