श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में आज फिर आतंकवादियों ने हमला कर दिया है| शोपियां के अगलार ज़ैनापोरा इलाके में आतंकवादियों ने ग्रेनेड से हमला कर दिया है|हमले में दो प्रवासी मजदूर घायल हुए हैं , जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है| बता दें कि यह बीते 24 घंटे के अंदर गैर-कश्मीरियों पर तीसरा हमला है।
शोपियां पुलिस ने बताया,''आतंकवादियों ने अगलार ज़ैनापोरा इलाके में ग्रेनेड फेंका, जिससे दो गैर-स्थानीय लोग मामूली रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई है|
बता दें कि,कुलगाम जिले के अरेह मोहनपोरा में इलाकाई देहाती बैंक में आज, बृहस्पतिवार 01 जून, 2022 को आतंकवादियों ने बैंक परिसर में बैंक प्रबंधक विजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी| मृतक विजय कुमार हनुमानगढ़ राजस्थान के रहने वाले थे।
इस घटना के कुछ घंटों बाद मध्य कश्मीर घाटी में दो प्रवासी मजदूरों को आतंकवादियों ने गोली मार दी| जिसमें बिहार के रहने वाले मजदूर दिलखुश कुमार की मौत हो गई थी। वह वहां पर मजदूरी करने के लिए गया था। वहीँ दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही थी|
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा,''जम्मू-कश्मीर के बडगाम में हुए आतंकी हमले में बिहार के दिलखुश कुमार जी की हत्या दुःखद। उनके निकटतम आश्रित को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02 लाख रू० दिए जाएंगे। साथ ही श्रम संसाधन विभाग एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से नियमानुसार अन्य लाभ दिए जाएंगे।