जौनपुर: जौनपुर की मड़ियाहूं विधानसभा में समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद डिंपल यादव एवं जया बच्चन ने सपा प्रत्याशी सुषमा पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। डिम्पल यादव ने कहा कि,''किसानों की आमदनी तो दोगुनी नहीं हो पाई है, लेकिन महंगाई दोगुनी और कमाई आधी ज़रूर हो गई है। उन्होंने कहा,'' सपा की सरकार बनने पर महिला पुलिस इकाई का गठन किया जाएगा।
डिंपल यादव ने कहा कि,''यूपी पुलिस में 33 प्रतिशत महिलाओं आरक्षण दिया जाएगा। चुनाव परिणाम आने के बाद डीजल-पेट्रोल और गैस के दाम कम होंगे। प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज कायम होगा। क्राइम दर घटेगा। सांड़ से जिसकी जान जाएगी उसे पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार गठन के बाद 22 लाख नौकरी और इंटर पास छात्राओं को 36 हजार रुपये एकमुश्त देने का काम करेंगे।
जया बच्चन ने कहा कि भाजपा की उत्तर प्रदेश व केंद्र में सरकार है। ये लोग महिला सुरक्षा की बात करते हैं, मगर जब भी महिलाओं पर संकट आता है तब यह कुछ नहीं करते। इसके बाद जया बच्चन ने मुख्यमंत्री पर हमला बोला। कहा कि सूबे के मुखिया भगवा रंग पहनकर ढोंग करते हैं। लेकिन इस बार यूपी की जनता उन्हें तीर्थ यात्रा पर भेज देगी।
उन्होंने कहा, योगी हो करके अगर उन्होंने त्याग कर दिया है तो फिर मुख्यमंत्री पद का लालच क्यों है। भोग के लिए यहां क्यों बैठे हुए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, जिसका खुद का परिवार नहीं है वह परिवार की अहमियत क्यों समझेगा। परिवारवाद का आरोप लगाने वाले परिवार की कीमत नहीं समझ सकते। आजादी के 75 साल हो गए। शहरों के नाम बदलने से क्या लोग बदल जाएंगे। अखिलेश ने जो उत्तर प्रदेश को बनाया था उसे भाजपा वाले नष्ट करने की योजना बना रहे हैं।