झज्जर: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने झज्जर (हरियाणा) के गांव खेड़ी में निक्की यादव के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। परिजनों से मुलाकात के बाद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा,''हम हरियाणा और देश की बेटी(निक्की) को श्रद्धांजलि देते हैं। हम सरकार और प्रशासन से यह मांग करते हैं कि बिना देरी किए कानूनी कार्रवाई करते हुए इसके पीछे जो भी आरोपी है, उसे बख्शा ना जाए। फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द से जल्द न्याय मिले|
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने 16 फरवरी को अपने एक ट्वीट में लिखा था,'' हरियाणा के झज्ज़र की बेटी निक्की यादव की बर्बर हत्या की वारदात दिल दहलाने वाली है। हत्यारें को जल्द से जल्द कठोरतम सजा दिलाकर पीड़ित परिवार को इंसाफ़ दिलाया जाए। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति व परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। श्रद्धॉंजलि।
10 फरवरी को साहिल गहलोत ने निक्की यादव की हत्या की थी
बता दें कि ,''24 वर्षीय साहिल गहलोत ने 10 फरवरी की सुबह निक्की यादव की हत्या कर दी थी। निक्की का शव 14 फरवरी को नजफगढ़ के मित्रांव गांव के बाहरी इलाके में स्थित एक ढाबे के फ्रीजर में मिला था| युवती निक्की यादव (22) हरियाणा के झज्जर की रहने वाली थी। वह 2018 से पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में साहिल गहलोत (24) के साथ लिव इन में रह रही थी।
साहिल ने 2020 में निक्की यादव से की थी आर्य समाज मंदिर में शादी
साहिल और निक्की की शादी अक्टूबर 2020 में ही नोएडा के एक आर्य समाज मंदिर में हुई थी। साहिल का परिवार इस शादी से नाखुश था इसलिए वे निक्की को रास्ते से हटाना चाहते थे।
साहिल के परिवार ने दिसंबर 2022 में उसका रिश्ता दूसरी लड़की से तय किया और लड़की से छुपाया कि साहिल पहले से शादीशुदा है। जब निक्की को इस बात का पता चला तो उसने इस शादी का विरोध किया था| पुलिस ने रिमांड के दौरान साहिल और निक्की के मैरिज सर्टिफिकेट भी बरामद किए हैं।
Nikki Yadav Murder Case: हत्यारोपी साहिल गहलोत के पिता, दो भाई और दो दोस्त गिरफ्तार
निक्की यादव हत्याकांड में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार की रात आरोपी साहिल गहलोत के पिता, दो चचेरे भाइयों आशीष, नवीन और दो दोस्तों अमर और लोकेश को गिरफ्तार किया है| दिल्ली पुलिस ने साजिश रचने के आरोप में साहिल गहलोत के पिता वीरेंद्र सिंह, भाइयों आशीष और नवीन, दोस्तों लोकेश और अमर को गिरफ्तार किया। साहिल गहलोत का भाई नवीन गहलोत दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है।
निक्की यादव हत्याकांड में गिरफ़्तार 5 आरोपियों को पुलिस ने रात में ही कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 3 दिन की रिमांड पर दिया है। पुलिस ने उस आर्य समाज मंदिर के पुजारी से भी पूछताछ की जहां निक्की की शादी हुई थी।