झज्जर: हरियाणा के झज्जर ज़िले में विजिलेंस विभाग ने रिश्वत लेने के आरोप में एक पटवारी को गिरफ़्तार किया। विजिलेंस विभाग ने पटवारी अजय को पुश्तैनी जमीन की खेवट अलग करने के एवज में 37,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
इंस्पेक्टर कविता ने बताया, "हमें शिकायत मिली थी कि पटवारी रिश्वत मांग रहा है। पटवारी को 37,000 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।"
झज्जर निवासी शिकायतकर्ता नरेन्द्र ने अपनी पुश्तैनी जमीन की खेवट अलग करने के लिए हल्का पटवारी अजय से संपर्क किया। इस पर आरोपी पटवारी ने 6000 रुपये प्रति खेवट की हिसाब से कुल 42,000 रुपये की मांग की।
आरोपी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के बाद विजिलेंस की टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रेड कर आरोपी कर्मचारी को 37,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ ब्यूरो थाना रोहतक में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच की जा रही है।