लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। यहाँ तेज रफ्तार ट्रक और एक प्राइवेट बस की ऐरा पुल पर आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। 30-35 लोग घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। बस में ड्राइवर समेत करीब 65 लोग सवार थे। गंभीर घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है। बाकी लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
लखीमपुर खीरी के ADM संजय कुमार सिंह ने बताया कि ,''एक बस और ट्रक के बीच सड़क दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है और 25 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों को ज़िला अस्पताल पहुंचाया गया है|
65 यात्रियों को लेकर प्राइवेट बस बुधवार सुबह करीब सात बजे धौरहरा से लखीमपुर के लिए रवाना हुई थी, जबकि ट्रक लखीमपुर से बहराइच की ओर जा रही थी। ऐरा पुल पर अनियंत्रित डीसीएम बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और डीसीएम मौके पर पलट गई। हादसे में बस में सवार 6 यात्रियों, ट्रक ड्राइवर और ट्रक के कंडक्टर की मौत हो गई।”
हादसे में मारे गए 7 लोगों की पहचान हो गई है। 6 लोग धौरहरा के ही रहने वाले हैं। जबकि एक लखनऊ का रहने वाला है। मरने वालों में -10 वर्षीय आर्या निगम पुत्री अंशु निगम, 16 वर्षीय मुन्नू मिश्रा पुत्र मथुरा मिश्रा, 55 वर्षीय अजीमुन पत्नी अकील अहमद, मनीष रस्तोगी, 35 वर्षीय सगीर अहमद पुत्र सईद अहमद, 38 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुत्र बदलू और सरस्वती प्रसाद वर्मा पुत्र मंशादीन शामिल है|
लखीमपुर खीरी में बस और ट्रक के बीच सड़क दुर्घटना पर लखीमपुर खीरी आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि,''दुर्घटना के बाद प्रशासन मौके पर पहुंचा। अस्पताल में अभी 25 लोगों का इलाज चल रहा है। 14 लोगों को लखनऊ KGMU रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद लखीमपुर खीरी में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। ज़िलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य युद्धस्तर पर कराने व घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं|
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के भीषण सड़क हादसे में हुई जन-हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिवार जनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया; "उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई सड़क दुर्घटना से व्यथित हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे: पीएम